संध्या समय न्यूज
बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार अपने करियर में एक बड़ा और बोल्ड मोड़ लेने जा रहे हैं। दशकों तक दर्शकों को एक्शन और कॉमेडी से एंटरटेन करने वाले अक्षय अब जल्द ही बड़े पर्दे पर ‘विलेन’ के रूप में छाएंगे। अपनी एक्टिंग की गाड़ी का गियर बदलते हुए अक्षय ने तीन बड़ी फिल्मों के लिए नेगेटिव किरदार साइन कर लिए हैं, जिससे फैंस में खलबली मची हुई है। फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा है कि अक्षय अब हीरो के रूप में नहीं, बल्कि ‘शैतान’ और ‘हैवान’ बनकर दर्शकों को डराएंगे। यह उनके करियर का वो पड़ाव है, जहां वो अपनी एक्टिंग रेंज का नया प्रयोग करते नजर आएंगे। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब अक्षय विलेन की भूमिका में दिखेंगे, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में और खुलकर यह कदम उठाना उनके लिए एक नई शुरुआत है।
मैडॉक हॉरर यूनिवर्स का ‘थानोस’ बने अक्षय
अक्षय कुमार के इस ‘विलेन एरा’ की झलक साल 2024 में रिलीज सुपरहिट फिल्म ‘स्त्री 2’ में देखने को मिली थी। फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में अक्षय ‘सरकटा’ के वंशज के रूप में नजर आए थे। माना जा रहा है कि वह मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स (MCHU) के सबसे बड़े विलेन होंगे। फिल्म के प्रोड्यूसर दिनेश विजन ने तो उन्हें यूनिवर्स का ‘थानोस’ तक कह डाला है। यह कैमियो छोटा था, लेकिन इसने ‘स्त्री 3’ और आने वाली फिल्म ‘थामा’ में उनके बड़े रोल की जमकर अटकलें लगा दी हैं।
यह भी पढ़ें : मजबूत कहानी और एक्शन के दम पर ‘बॉर्डर 2’ बनी साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर
सैफ अली खान के सामने उतरेंगे ‘हैवान’ के रूप में
अक्षय कुमार की अगली बड़ी रिलीज दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ होगी, जो 2026 में दस्तक देगी। इस फिल्म में अक्षय पूरी तरह से खलनायक की भूमिका में होंगे, जबकि सैफ अली खान हीरो की भूमिका निभाएंगे। प्रियदर्शन ने खुलासा किया था कि कई बड़े एक्टर्स ने यह रोल ठुकरा दिया था, लेकिन अक्षय ने इसे स्वीकार कर अपनी बहादुरी दिखाई। यह देखना दिलचस्प होगा कि जब ‘हैवान’ अक्षय का सामना ‘हीरो’ सैफ से होगा, तो पर्दा कैसा दहलता है।
अजय देवगन को देंगे ‘गोलमाल 5’ में टक्कर
सबसे चर्चित खबर यह है कि अक्षय कुमार रोहित शेट्टी की मशहूर फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में मुख्य विलेन होंगे। यह अक्षय और अजय देवगन की एक साथ छठी फिल्म होगी, लेकिन पहली बार दोनों सीधे आमने-सामने होंगे। फिल्म में कॉमेडी और एक्शन के साथ फैंटेसी एलिमेंट्स भी होंगे। अरशद वारसी, तुषार कपूर और कुणाल खेमू जैसी ‘गोलमाल’ गैंग के खिलाफ अक्षय का नेगेटिव अवतार फिल्म को एक नया ट्विस्ट देगा। इस फिल्म की शूटिंग फरवरी 2026 से शुरू होगी।
बॉक्स ऑफिस की चुनौतियों के बीच नई राह
अक्षय कुमार ने पहले भी ‘अजनबी’ (2001) और ‘2.0’ (2018) जैसी फिल्मों में विलेन की भूमिका निभाकर तारीफ बटोरी है। लेकिन, हाल के दिनों में बॉक्स ऑफिस पर उनकी कुछ फिल्मों को झेलना पड़ा है। ऐसे में इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह ‘विलेन एरा’ उनके करियर के लिए एक राहत और नई शुरुआत साबित हो सकती है। अक्षय का यह कदम साबित करता है कि वह अपनी एक्टिंग की गाड़ी को लगातार आगे बढ़ाने के लिए किसी भी तरह का रिस्क लेने के लिए तैयार हैं।
























