UP News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। रुदौली क्षेत्र के कोठी बाजार में एक ज्वेलर्स शॉप में दिनदहाड़े हुई लूट का मास्टरमाइंड कोई बड़ा गैंगस्टर नहीं, बल्कि एक प्रेमी-प्रेमिका की जोड़ी निकली। सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने इस बेहद बोल्ड लूट का हथियार बरामद किया तो वह ‘खिलौना पिस्टल’ निकला।
हालांकि, आरोपियों की शातिराना साजिश के मुकाबले अयोध्या पुलिस की एक्शन ज्यादा तेज रही। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महज 2 घंटे के भीतर इस केस को सुलझा लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूरी वारदात कैसे अंजाम दी गई?
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना 2 अप्रैल की दोपहर की है। कोठी बाजार स्थित एक सर्राफा दुकान में अचानक एक बुर्का पहने युवती ग्राहक बनकर पहुंची। उसने अपनी पहचान पूरी तरह से छुपा रखी थी। युवती ने शातिर अंदाज में दुकानदार से सोने के गहने दिखाने की फरमाइश की।
यह भी पढ़ें : राघव चड्ढा की ‘खामोशी’ बनी विवाद की जड़
जैसे ही दुकानदार गहने निकालकर उसे दिखाने लगा, युवती ने अचानक अपने कमर से पिस्टल निकाल ली और दुकानदार को धमकाते हुए कहा कि आगे बढ़ोगे तो गोली मार दूंगी। इस दहशत के बीच उसने तेजी से लगभग 26 ग्राम सोने के गहने अपने पास भर लिए और मौके से फरार हो गई।
बाइक पर बैठा था इंतजार कर रहा था प्रेमी
दुकानदार को धमकाकर बाहर निकली युवती का प्रेमी राहुल कुमार पहले से ही एक बाइक लेकर दुकान के बाहर इंतजार कर रहा था। युवती के बाहर आते ही दोनों मौके से तेजी से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया।
सीसीटीवी और बाइक नंबर ने दिलाई पुलिस को कामयाबी
लूट की सूचना मिलते ही अयोध्या पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू किया। फुटेज में बुर्कावाली युवती और उसका साथी बाइक पर भागते हुए साफ-साफ कैद हो गया। पुलिस के हाथ लगी सबसे बड़ी सफलता तब मिली, जब भागने वाली बाइक का नंबर कैमरे में कैद हो गया।
यह भी पढ़ें : Origin of Almanac: धार्मिक क्रियाओं के समय निश्चित करने के लिए हुई पंचांग की उत्पत्ति
इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बाइक को ट्रेस किया और महज 2 घंटे के भीतर प्रेमी-प्रेमिका की इस जोड़ी को दबोच लिया।
खुलासा: लूट का हथियार निकला बच्चों का खिलौना
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की और उनके पास से हथियार बरामद किया, तो पुलिस के भी पैरों तले से जमीन खिसक गई। युवती ने जिस पिस्टल के दम पर दिनदहाड़े लाखों की लूट को अंजाम दिया था, वह कोई असली हथियार नहीं, बल्कि बाजार से खरीदी गई एक ‘खिलौना पिस्टल’ थी।
पुलिस ने आरोपियों—पायल और राहुल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लूटा गया सोना और वह बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है।




















