संध्या समय न्यूज
कन्नड़ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। सोमवार को उन्होंने अपनी पत्नी प्रगति शेट्टी के साथ शादी की सालगिरह मनाई। इस खास मौके पर ऋषभ ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट शेयर कर अपने दिल की बात कही है।
सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री साफ देखी जा सकती है। ऋषभ ने कैप्शन में लिखा है कि वैवाहिक बंधन में बंधकर उन्हें एक-दूसरे के साथ प्यार से जुड़ते हुए नौ साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने अपनी इस यात्रा को याद करते हुए कहा कि पीछे मुड़कर देखें तो हर पल मीठी यादों से भरा लगता है। इनमें खुशी, दर्द, हंसी और कभी-कभी छोटी-मोटी नोक-झोंक भी शामिल हैं, लेकिन इन सबके ऊपर हमेशा आपसी समझ, संतुलन और सबसे ज्यादा प्यार रहा है जो कभी खत्म नहीं होता।
पत्नी को बताया अपना ‘सहारा’
अपनी पोस्ट में ‘कांतारा’ फेम अभिनेता ने पत्नी प्रगति की तारीफों के पूल बांधे। उन्होंने लिखा है कि आपके प्यार की रोशनी, आपके साथ मिली शांति और भरोसे ने ही मुझे आज का ऋषभ बनाया है। आपने मेरी जीवन संगिनी, हमसफर और सौभाग्य की देवी बनकर मेरी छोटी-सी जिंदगी को समंदर जितना बड़ा और खूबसूरत बना दिया है।” ऋषभ ने आगे कहा है कि मेरी ताकत, मेरा सहारा और मेरी सबसे बड़ी शक्ति, आपको शादी की सालगिरह की ढेर सारी शुभकामनाएं। जब आप मेरा हाथ थामे रहती हो तो जिंदगी और भी ज्यादा सुंदर लगती है।
View this post on Instagram
यह भी पढ़ें : ‘उसने बुलाया था’… श्रेया नारायण के इस बयान ने पैदा की सनसनी, दरअसल है पीयूष पांडे की नई किताब का प्रमोशन
थिएटर में हुई थी पहली मुलाकात
ऋषभ और प्रगति की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात एक थिएटर में हुई थी। दरअसल, प्रगति फिल्म ‘उलिडावरु कंडांते’ देखने थिएटर पहुंची थीं। वह उस फिल्म के हीरो रक्षित शेट्टी की बड़ी फैन थीं। फोटो खिंचवाते समय जहां अन्य लोग रक्षित के साथ खड़े हुए, वहीं प्रगति ने ऋषभ के साथ तस्वीर ली। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई, जो आगे चलकर प्यार में बदल गई और साल 2017 में दोनों ने शादी रचाई।
पेशे से हैं फिल्म मेकर
ऋषभ शेट्टी ने ‘कांतारा’ (2022) और आने वाली ‘कांतारा चैप्टर 1’ (2025) जैसी फिल्मों से कन्नड़ सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। वहीं, प्रगति शेट्टी सिर्फ उनकी पत्नी नहीं हैं, बल्कि वह एक कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में भी काम करती हैं और ऋषभ की फिल्मों में उनका हर कदम पर साथ निभाती हैं। ऋषभ का यह इमोशनल पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और फैंस उन्हें ढेर सारी बधाइयां दे रहे हैं।



















