संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। थाना सेक्टर-63 नोएडा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के 52 पत्ते और कुल 4600 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई लोकल इंटेलीजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को थाना सेक्टर-63 पुलिस को सूचना मिली थी कि ए ब्लॉक पार्क के पास सेक्टर-63 में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय, प्रिंस, मंगू, अनिल कुमार, रविन्द्र, सोनू, विनोद, मंगल, आकाश, सुनील और मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ताश के 52 पत्ते और 4600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों पर कार्रवाई
नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


























