नोएडा मेट्रो का बड़ा ऐलान, एक कार्ड से देशभर में सफर

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के शुभ अवसर पर शनिवार से नोएडा मेट्रो इस अत्याधुनिक तकनीक वाले कार्ड को आधिकारिक रूप से शुरू कर रहा है। इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे एक बार खरीदने के बाद आप न सिर्फ नोएडा या दिल्ली, बल्कि किसी भी मेट्रो नेटवर्क और सरकारी बसों में इस्तेमाल कर सकते हैं।

नोएडा मेट्रो में 'वन नेशन वन कार्ड' की शुरुआत (फाइल फोटो)

HIGHLIGHTS

  • नोएडा मेट्रो में शुरू हुआ NCMC कार्ड, देशभर में चलेगा आसानी से
  • दिल्ली मेट्रो कार्ड से अब नोएडा में भी कर सकेंगे सफर
  • 300 रुपये में मिलेगा NCMC कार्ड, चार साल तक रहेगा वैध
  • दिल्ली-NCR यात्रियों की बल्ले-बल्ले, नोएडा मेट्रो ने बदले नियम

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में रोजाना मेट्रो का सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। अब आपको अलग-अलग शहरों की मेट्रो या बसों के लिए अलग-अलग टोकन या स्मार्ट कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने ‘वन नेशन वन कार्ड’ यानी नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के शुभ अवसर पर शनिवार से नोएडा मेट्रो इस अत्याधुनिक तकनीक वाले कार्ड को आधिकारिक रूप से शुरू कर रहा है। इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे एक बार खरीदने के बाद आप न सिर्फ नोएडा या दिल्ली, बल्कि गुरुग्राम, जयपुर, चेन्नई, बेंगलुरु, कोच्चि और मुंबई समेत देश के किसी भी मेट्रो नेटवर्क और सरकारी बसों में इस्तेमाल कर सकते हैं।

अलग-अलग कार्डों की थी परेशानी

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली में रहने वाले हजारों लोग रोजाना नौकरी, व्यवसाय या पढ़ाई के सिलसिले में एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों का रुख करते हैं। अभी तक जो व्यवस्था थी, उसमें यात्रियों को दिल्ली मेट्रो के लिए अलग और नोएडा मेट्रो के लिए अलग कार्ड रखना पड़ता था। कई बार बैलेंस कम होने या कार्ड खो जाने की स्थिति में लंबी कतारों में टोकन लेना पड़ता था, जिससे समय का बहुत नुकसान होता था। लेकिन अब NCMC के आगमन से ये सारी मुश्किलें खत्म हो जाएंगी।

दिल्ली मेट्रो के कार्ड भी चलेंगे नोएडा में

नोएडा मेट्रो ने इस सुविधा को और भी यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब सिर्फ नोएडा का कार्ड ही नहीं, बल्कि दिल्ली मेट्रो में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के स्मार्ट कार्ड भी नोएडा मेट्रो के गेट पर बिल्कुल धड़ाधड़ चलेंगे। यदि आपके पास दिल्ली मेट्रो का ऑफिशियल कार्ड, एयरटेल (Airtel) का स्मार्ट कार्ड, बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) का मेट्रो कार्ड या फिर एनसीआरटीसी (NCRTC) का कार्ड है, तो आपको नोएडा मेट्रो में कोई नया कार्ड खरीदने की जरूरत नहीं होगी।

एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश के अनुसार, इस तकनीकी अपग्रेडेशन से नोएडा और पूरे दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए है कि आने वाले कुछ समय में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए और भी नई तकनीकी सुविधाएं शुरू की जाएंगी।

सांसद सुरेन्द्र नागर के प्रयास रंग लाए

यह बदलाव अचानक नहीं आया है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर ने लंबे समय से इस मुद्दे को सदन में उठाया था। उन्होंने केंद्र सरकार के सामने देशभर में मेट्रो के लिए एक समान कार्ड बनाने का आग्रह किया था, ताकि यात्रियों को अलग-अलग शहरों में टोकन की लंबी लाइनों का सामना न करना पड़े। उनके इस प्रयास और केंद्र सरकार की ‘वन नेशन वन कार्ड’ नीति के चलते यह सुविधा अब धरातल पर उतर गई है।

आपके लिए जरूरी बातें: कार्ड कैसे बनवाएं और क्या हैं नियम?

अगर आप भी इस नई तकनीक वाले कार्ड का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यहां पूरी जानकारी है:

  • स्टेशन पर ही मिलेगा कार्ड: इस कार्ड को बनवाने के लिए आपको कहीं धक्के खाने की जरूरत नहीं है। नोएडा मेट्रो के कुल 21 स्टेशनों पर टिकट काउंटर पर जाकर आप इसे बनवा सकते हैं।
  • बनवाने का आसान प्रोसेस: काउंटर पर जाकर आपको अपना मोबाइल नंबर देना होगा। जैसे ही आपका नंबर सिस्टम में एंटर होगा, आपके मोबाइल पर एक ओटीपी (OTP) आएगा। उस ओटीपी को काउंटर कर्मचारी को बताते ही मात्र 2 से 5 मिनट के अंदर आपका नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड तैयार हो जाएगा।
  • पहली बार का खर्च: नया कार्ड लेने के लिए आपको कुल 300 रुपये देने होंगे। इसमें 100 रुपये कार्ड की सिक्योरिटी फीस (जो बाद में वापस हो सकती है) और 200 रुपये ट्रैवल बैलेंस (टॉप-अप) के रूप में जमा होंगे।
  • अधिकतम लिमिट और वैधता: एक बार में आप इस कार्ड में अधिकतम 2000 रुपये तक का टॉप-अप करवा सकते हैं। यह कार्ड जारी होने की तारीख से लेकर पूरे 4 साल तक पूरी तरह वैध (Valid) रहेगा।
  • पुराने कार्ड को अपग्रेड करें बिल्कुल मुफ्त में: जिन यात्रियों के पास पहले से नोएडा मेट्रो का पुराना कार्ड है, उन्हें नया कार्ड खरीदने की कोई जरूरत नहीं है। वे अपने पुराने कार्ड को नोएडा मेट्रो के किसी भी स्टेशन पर जाकर NCMC तकनीक में अपग्रेड करवा सकते हैं। इस सुविधा के लिए एनएमआरसी ने यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं रखा है। अपग्रेड होने के बाद आपका पुराना कार्ड देशभर में काम करेगा।

डिजिटल टिकटिंग का भी विकल्प उपलब्ध

अगर आप कार्ड रखने के शौकीन नहीं हैं, तो नोएडा मेट्रो ने आपके लिए सामान्य टिकट और क्यूआर (QR) टिकट की सुविधा को बरकरार रखा है। नोएडा मेट्रो ने वॉट्सऐप (WhatsApp) के जरिए टिकट बुक करने की एक बेहद आसान प्रक्रिया शुरू की है। आपको बस अपने वॉट्सऐप पर नोएडा मेट्रो के ऑफिशियल नंबर 9599030188 पर जाकर ‘हाय’ (Hi) लिखना है। तुरंत ही आपको एक लिंक मिलेगा, जिसके जरिए आप अपना क्यूआर टिकट जनरेट कर सकते हैं और स्कैन करके मेट्रो में सफर कर सकते हैं।

इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार: नए डिस्प्ले सिस्टम लगाए गए

यात्री सुविधा सिर्फ कार्ड तक सीमित नहीं रही है। नोएडा मेट्रो के सभी 21 स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर पुराने और खराब हो चुके डिस्प्ले बोर्ड्स को हटा दिया गया है। उनकी जगह कुल 88 नए और अत्याधुनिक ‘पैसेंजर इंफॉरमेशन डिस्प्ले सिस्टम’ (PIDS) लगाए गए हैं। अब यात्रियों को ट्रेन के आने का सटीक समय, कौन सी ट्रेन कितने मिनट में आ रही है, इसकी हर छोटी-बड़ी जानकारी इन बड़ी और साफ स्क्रीन्स पर दिखेगी।

बढ़ते यात्री आंकड़ों ने दिखाई NCMC की जरूरत

नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो लाइन पर यात्रियों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इसकी एक बड़ी झलक 13 अगस्त को देखने को मिली, जब एक ही दिन में इस रूट पर सबसे ज्यादा 93,887 लोगों ने सफर किया। यह आंकड़ा बताता है कि लोग नोएडा मेट्रो पर कितना भरोसा कर रहे हैं।

बता दें कि नोएडा मेट्रो ने अब तक करीब साढ़े तीन लाख (3.5 लाख) कार्ड जारी किए हैं। इन सारे कार्ड्स में अभी पुरानी तकनीक थी। लेकिन एनसीएमसी लॉन्च होने से पहले ही एनएमआरसी ने तैयारी पूरी कर ली थी और इन पुराने कार्ड्स में से लगभग 88 हजार कार्ड्स को नई NCMC तकनीक में अपग्रेड (तब्दील) कर दिया गया है। शनिवार से ये अपग्रेड किए गए कार्ड पूरे देश में यात्रियों को सेवा देंगे।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now