टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने ग्रुप बी के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया है। इस शानदार जीत के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने इस जीत को ‘अविश्वसनीय’ बताते हुए टीम की एकता और संस्कृति का श्रेय दिया है।
सिकंदर रजा ने बताया
आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच के बाद सिकंदर रजा ने कहा कि बहुत खुश हूं और गर्व भी महसूस कर रहा हूं। ऐसा लग रहा है जैसे बड़े भाई की तरह हूं, जिसके छोटे भाई मिलकर इतना कुछ हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीम का माहौल, एकता और संस्कृति ही इस जीत की वजह बनी। इस मैच में रजा ने अपनी बल्लेबाजी से भी टीम का साथ दिया और 13 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत भी की, लेकिन नौवें ओवर में मांसपेशी में खिंचाव के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। मैदान से बाहर होने के बावजूद उन्होंने बाहर से ही टीम का हौसला बढ़ाया। रजा ने कहा कि बाहर से देखकर बहुत अच्छा लगा कि टीम ने कैसे जीत हासिल की। जिस तरह से हमने गेंदबाजी की, चौके रोके और बल्लेबाजी की, सब शानदार था। टीम को जीत की जरूरत थी और वह मिल गई।
प्रधानमंत्री के मूवमेंट को सुगम बनाने के लिए नया कार्यालय सेवा तीर्थ
ब्रेंडन टेलर टूर्नामेंट से बाहर
इस जीत के बीच जिम्बाब्वे के लिए एक निराशाजनक खबर यह है कि टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टेलर को नौ फरवरी को ओमान के खिलाफ खेले गए ग्रुप मैच के दौरान चोट आई थी, जिसके कारण वह मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर गए थे। टॉस के दौरान कप्तान सिकंदर रजा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ब्रेंडन टेलर को चोट लग गई है और वह टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे।” आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की तकनीकी समिति ने टेलर की जगह शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बेन कुरेन को टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। बता दें कि बेन कुरेन इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम के भाई हैं।























