संध्या समय न्यूज
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इस दौरान एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे इलाके में कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
होली के रंग से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में होली के जश्न के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि एक 11 वर्षीय बच्ची ने छत से पानी का गुब्बारा फेंका था, जो सड़क पर गिरकर फट गया और दूसरे परिवार की एक महिला पर रंग पड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। झड़प के दौरान तरुण नाम का 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हत्या के बाद भड़का विरोध प्रदर्शन
युवक की मौत के विरोध में कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास इकट्ठा हो गए और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और जमकर नारेबाजी की। इससे मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया और कई एंबुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गईं।
पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्हें हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया गया।
संजय कपूर की ‘संकल्प’ का दमदार ट्रेलर रिलीज
आगजनी की घटना भी सामने आई
तनाव के बीच जेजे कॉलोनी इलाके में खड़ी एक कार और एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आगजनी की घटना के पीछे कौन लोग थे।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं द्वारका के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद होली के दौरान गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ था। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।





















