सीएम योगी ने जनता दर्शन में दिए कड़ी कार्रवाई के आदेश

सीएम योगी का खाफा रुख!

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि कमजोर वर्ग को परेशान करने वाले दबंगों और भू-माफियाओं के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।

जनता दर्शन में उठी गंभीर शिकायतें

मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कई जिलों से पहुंचे लगभग 200 लोगों ने अपनी समस्याएं सीएम के सामने रखीं। जमीन कब्जा, दबंगों द्वारा धमकाना और पुलिस कार्रवाई में ढिलाई जैसी गंभीर शिकायतें सामने आईं। विशेषकर कमजोर वर्ग के लोगों ने कुछ दबंग तत्वों द्वारा डराने-धमकाने की घटनाओं को लेकर सूचना दी।

जमानत निरस्त कराने दिए निर्देश

सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर कोई आरोपी जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमकाता है, तो उसकी जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने कहा, “प्रदेश में कानून का राज कायम रखना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हर पीड़ित को न्याय मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।”

यह भी पढ़ें : चाय का इतिहास: भारतीयों को किसने और क्यों लगाई चाय की लत?

इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोगों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जैसे ही अस्पताल से इलाज का अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) मिलेगा, सरकार तत्काल आर्थिक मदद करेगी।

बच्चों को मिला आशीर्वाद

इस गंभीर कार्यक्रम के बीच एक भावुक पहलू भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलारा और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

लोक कल्याणकारी योजनाओं का किया स्मरण

सीएम ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान समय पर किया जाए और किसी के साथ भेदभाव न हो।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now