संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद देशभर में तिरंगा यात्राओं का दौर जारी है। इसी क्रम में आज नोएडा में महिला मोर्चा द्वारा सिंदूर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगा लहराया।
सिंदूर तिरंगा यात्रा की शुरुआत गिझौड़ गांव स्थित CNG पेट्रोल पंप के समीप से हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विमला बाथम और कांता कर्दम जी, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं नोएडा प्रभारी, मौजूद रहीं। दोनों नेताओं ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
इसके साथ ही नोएडा के सभी मंडलों में भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन यात्राओं में स्थानीय जनता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। जगह-जगह लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है।
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। महिला मोर्चा की ओर से आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।


























