Bengal Election News: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया अध्याय शनिवार (9 मई, 2026) को शुरू हुआ। भाजपा के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस ऐतिहासिक दिन पर नई सरकार में ‘ग्राउंड जीरो’ के योद्धाओं, यानी जमीनी कार्यकर्ताओं और लंबे संघर्ष से गुजरे नेताओं को भी मंत्री पद के लिए शामिल किया गया। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ नए सीएम और मंत्रियों को बधाई दी, बल्कि राज्य में राजनीतिक हिंसा में शहीद हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों से भी भावुक मुलाकात की।
पीएम मोदी ने शुभेंदु अधिकारी के लिए क्या कहा?
पश्चिम बंगाल के नए सीएम के चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट कर हार्दिक बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने पर मैं शुभेंदु अधिकारी जी को बधाई देता हूं। शुभेंदु अधिकारी ने एक ऐसे नेता के रूप में अपनी छवि और पहचान बनाई है, जो बंगाल की जनता से गहराई से जुड़े रहे हैं और उनकी आकांक्षाओं को करीब से समझते भी हैं। मैं उन्हें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में आगामी कार्यकाल की सफलता के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
‘ग्राउंड जीरो’ के योद्धाओं को मिली जगह
शुभेंदु अधिकारी के साथ ही बंगाल की नई सरकार में कई जमीनी चेहरों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें भाजपा के दिग्गज नेता दिलीप घोष, प्रभावशाली महिला चेहरा अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशित प्रणामिक शामिल हैं। इन नेताओं को सरकार में शामिल करना इस बात का संकेत है कि नई सरकार ‘ग्राउंड जीरो’ पर लड़ने वाले और संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान देने में विश्वास रखती है। पीएम मोदी ने इन सभी नवनिर्वाचित मंत्रियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
शहीद कार्यकर्ताओं के परिजनों से पीएम की भावुक मुलाकात
शपथ ग्रहण समारोह के बाद का सबसे भावुक पल वह था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में राजनीतिक हिंसा के शिकार हुए शहीद भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने शहीद देबासिश मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिजनों से भेंत कर उनका हौसला बढ़ाया और उनके बलिदान को सम्मान दिया। यह मुलाकात इस बात का प्रमाण है कि पार्टी अपने उन कार्यकर्ताओं को नहीं भूलती, जिन्होंने बंगाल में बदलाव की नींव रखने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
क्या संकेत देता है ये बदलाव?
शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा सरकार का गठन प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव है। जमीनी कार्यकर्ताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करना और शहीदों के परिजनों को सम्मान देना यह दर्शाता है कि नई सरकार का मुख्य एजेंडा आम जनता के मुद्दों और कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर चलना होगा। अब यह देखना होगा कि यह नई टीम बंगाल को विकास के किस नए मुकाम पर ले जाती है।























