Bengal Election News: पश्चिम बंगाल में नई सरकार का फाइनल ऐलान हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लग गई है और वह ही पंश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे। वहीं, अग्निमित्रा पॉल और निसिथ प्रमाणिक उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) के रूप में शपथ लेंगे। नई सरकार कल शपथ लेगी। इससे पहले आज शाम शुभेंदु अधिकारी राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
विधायक दल की बैठक में लगी मुहर
आज आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही सुनील बंसल, अमित मालवीय, बिप्लब देब, निशित प्रमाणिक, अग्निमित्रा पाल और शंकर घोष मौजूद रहे। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद बंगाल की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।
अमित शाह ने जनता का किया आभार
बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा किया है। उन्होंने हाथ जोड़कर राज्य की जनता का धन्यवाद किया और कहा कि हिंसा के बीच राज्य की जनता ने प्रचंड जनादेश दिया है। 321 देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया है। आज गंगा से गंगासागर तक भाजपा की सरकारें हैं। हमें विनम्रता से जिम्मेदारी निभानी होगी।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
रवींद्र जयंती के मौके पर कल शनिवार सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल होंगे। इसके साथ ही एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। रवींद्र जयंती के मौके पर होने वाले इस समारोह में बंगाली रंग-रस की झलक भी देखने को मिलेगी।
सीएम पद के लिए शुभेंदु का चयन क्यों?
कई नामों पर चर्चा होने के बावजूद शुभेंदु अधिकारी इस दौड़ में सबसे आगे रहे। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही यह साफ था कि ममता बनर्जी के गढ़ भाबानीपुर से जीत दर्ज करने वाले शुभेंदु ही राज्य के नए सीएम होंगे। राज्य में पार्टी की जीत में उनका बड़ा योगदान रहा है। इसके अलावा उन्हें कई वर्षों तक राज्य के मंत्री के रूप में काम करने का लंबा अनुभव भी है। इन सब तथ्यों को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने उन्हें राज्य की कुर्सी सौंपने का फैसला किया है।
डिप्टी सीएम बनने वाली अग्निमित्रा और निसिथ का सुदृढ़ प्रदर्शन
अग्निमित्रा पॉल ने इस विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण सीट से शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें 1 लाख 19 हजार 582 वोट मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 40 हजार से अधिक वोटों से हराया। वहीं, निसिथ प्रमाणिक ने माथाभांगा विधानसभा सीट से 1 लाख 43 हजार 340 वोट प्राप्त किए और 57 हजार 90 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। दोनों नेताओं के प्रदर्शन ने उन्हें डिप्टी सीएम के लिए दावेदार बनाया।
कौन-कौन मंत्री बन सकते हैं?
नई सरकार में कैबिनेट का विस्तार भी सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि दिलीप घोष, शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, निशित प्रमाणिक, जितेंद्र तिवारी और शरदवत मुखर्जी मंत्री बन सकते हैं। इसके साथ ही नीलाद्रि शेखर और प्रणत टुडू भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। इसके अलावा रुद्रनील घोष, दुधकुमार मंडल और बंकिम घोष के नाम भी मंत्री बनने के लिए चर्चा में हैं।
























