Bihar News: बिहार की राजनीति में नई सरकार के गठन के बाद से लगातार उठ रहे सवालों के बीच, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि राज्य में मुस्लिम समुदाय को डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार भी पूरी तरह से नीतीश कुमार के विज़न और उनकी नीतियों पर चलेगी।
नीतीश के रास्ते पर चल रही सरकार
बता दें कि डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने सरकार की कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए कहा कि भले ही अब सरकार का नेतृत्व सम्राट चौधरी के हाथ में है, लेकिन सरकार का कामकाज और सोच पूरी तरह नीतीश कुमार के तय किए हुए रास्ते पर चल रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुस्लिम समुदाय को सुरक्षा का भरोसा
खास तौर पर मुस्लिम समुदाय को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि जिस तरह लोग नीतीश कुमार के शासन में सुरक्षित महसूस करते थे, वैसे ही मौजूदा सरकार में भी उनकी सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में मुस्लिम समाज के लिए शिक्षा, रोजगार और विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के मामले में जितना काम हुआ है, शायद ही किसी अन्य राज्य में उतना हुआ हो।
विपक्ष पर भाजपा के नाम पर डर फैलाने का आरोप
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि विपक्ष लगातार सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नाम पर डर फैलाकर मुस्लिम समुदाय को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने वक्फ संशोधन को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों को खारिज करते हुए सवाल पूछा, क्या अब तक सरकार ने किसी की संपत्ति छीनी है?
सांप्रदायिकता पर जीरो टॉलरेंस की नीति जारी
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने दोहराया कि बिहार सरकार की सांप्रदायिकता पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पहले की तरह ही लागू रहेगी। “किसी भी कीमत पर सामाजिक सौहार्द बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।” उन्होंने एसआईआर (SIR) को लेकर भी विपक्ष के दुष्प्रचार को बेबुनियाद बताया और कहा कि बिना तथ्यों के लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही है।
मुस्लिम समाज अब समझ चुका है असली हितैषी को
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी योजनाओं से मुस्लिम समुदाय को काफी फायदा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब मुस्लिम समाज भी समझ चुका है कि उनके असली हितैषी नीतीश कुमार ही हैं और सरकार की नीतियां उनके विकास के लिए ही काम कर रही हैं।























