MI beat GT, IPL 2026: पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) ने लगातार चार मैचों की हार के बाद शानदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस (GT) को उनके ही घर में 99 रनों से बुरी तरह धुलवा दिया। आईपीएल 2026 के 30वें मैच में तिलक वर्मा के पहले आईपीएल शतक और डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार की शानदार गेंदबाजी (4 विकेट) के दम पर मुंबई ने यह एकतरफा मुकाबला अपने नाम किया। यह मुंबई इंडियंस की अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहली जीत है।
तिलक वर्मा के शतक ने पलटा खेल
टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही। गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने पावरप्ले के अंदर ही तीन विकेट झटककर मुंबई को संकट में धकेल दिया। रबाडा ने महज 33 रनों पर 3 विकेट लेकर मुंबई को 44 रनों पर समेट दिया। हालांकि, नमन धीर (45 रन) ने एक छोर से संभाला, लेकिन मैच का असली नायक बने तिलक वर्मा।
पिछले 5 मैचों में महज 43 रन बनाने वाले तिलक शुरुआत में संघर्ष करते नजर आए और 22 गेंदों पर सिर्फ 19 रन बना पाए थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने आक्रामक अंदाज को निकाला और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 45 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से शानदार 101 रन ठोके। पारी की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पूरा किया। उधर, कप्तान हार्दिक पंड्या 16 गेंदों में सिर्फ 15 रन ही बना सके। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 199 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
बुमराह का सूखा खत्म, अश्वनी ने बिगाड़ा खेल
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की पारी की शुरुआत ही दर्दनाक रही। पिछले सीजन से लगातार 146 गेंदों तक विकेट-less चल रहे जसप्रीत बुमराह ने इनिंग का पहला ओवर डाला और पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन को पवेलियन भेजकर अपना सूखा खत्म किया। इसके बाद हार्दिक पंड्या ने जॉस बटलर का विकेट लेकर गुजरात को दोहरा झटका दिया।
मैच को पूरी तरह से अपने नाम किया अश्वनी कुमार ने
हालांकि, मैच को पूरी तरह से अपने नाम किया इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने। आईपीएल 2026 का यह उनका पहला मैच था और उन्होंने डेब्यू पर ही कहर बरपाया। अश्वनी ने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (14 रन) को आउट करके टीम की रीढ़ ही तोड़ दी। इसके बाद उन्होंने राहुल तेवतिया, शाहरुख खान और राशिद खान जैसे बड़े खिलाड़ियों के विकेट चटकाकर गुजरात की जीत की उम्मीदों को बेदखल कर दिया। अश्वनी ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट लिए।
इस बीच, मिचेल सैंटनर ने भी एक ओवर में वॉशिंगटन सुंदर (26) और ग्लेन फिलिप्स (6) को आउट कर बची-खुची उम्मीदों को समा दिया। आखिर में स्पिनर अल्लाह गजनफर ने 2 विकेट लेकर बचे हुए दो विकेट भी गिरा दिए। इस तरह गुजरात टाइटंस की पूरी टीम 15.5 ओवर में महज 100 रनों पर ढेर हो गई और मुंबई इंडियंस ने 99 रनों की बड़ी जीत दर्ज की।






















