ग्रेटर नोएडा में तीन दिवसीय ‘भारत शिक्षा एक्सपो-2026’ का आयोजन

Greater Noida News: एडीएम मंगलेश दुबे ने बताया कि यह एक्सपो भारत और विदेशों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी देने हेतु एक 'वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म' के रूप में विकसित किया गया है। यह विशेष रूप से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर चुके या परीक्षा दे रहे उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है।

‘विश्व गुरु सम्मेलन’ में शिक्षा सुधार और नवाचार पर होगी चर्चा

HIGHLIGHTS

  • करियर काउंसलिंग से लेकर ग्लोबल एजुकेशन तक, सबकुछ एक ही छत के नीचे
  • छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगा भारत शिक्षा एक्सपो-2026
  • NEP 2020 की भावना को बढ़ावा देगा शिक्षा एक्सपो-2026
  • IIT मद्रास, AI और डेटा साइंस जैसे विषयों पर होंगे खास सत्र
  • ग्रेटर नोएडा में जुटेंगे देश-विदेश के नामी विश्वविद्यालय और एडटेक कंपनियां

Greater Noida News: कक्षा 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद छात्रों के सामने आने वाली ‘सही कोर्स और कॉलेज चयन’ की दुविधा को दूर करने के लिए गौतमबुद्धनगर में एक विशाल शिक्षा मेले का आयोजन किया जाएगा। ‘भारत शिक्षा एक्सपो-2026’ के तीसरे संस्करण का आयोजन 14 से 16 मई, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा।

यह जानकारी आज अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे ने इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शिक्षा मार्गदर्शन, करियर काउंसलिंग और अकादमिक अवसरों की जानकारी देना है, ताकि लाखों विद्यार्थी अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णय बेहतर तरीके से ले सकें।

वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के रूप में होगा काम

एडीएम मंगलेश दुबे ने बताया कि यह एक्सपो भारत और विदेशों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी देने हेतु एक ‘वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म’ के रूप में विकसित किया गया है। यह विशेष रूप से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर चुके या परीक्षा दे रहे उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जो उपयुक्त कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं प्रोफेशनल कोर्स की तलाश में हैं। इसके अलावा, कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी भी स्ट्रीम चयन और करियर संभावनाओं पर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

विश्व गुरु सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय संवाद

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के सीईओ सुदीप सरकार ने बताया कि फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) के साथ मिलकर ‘विश्व गुरु सम्मेलन’ का भी आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन भारत की शिक्षा व्यवस्था में आ रहे बदलाव, नवाचार और वैश्विक ज्ञान नेतृत्व पर चर्चा के लिए एक उच्चस्तरीय मंच प्रदान करेगा।

हैकाथॉन और क्विज़ का होगा आयोजन

इस तीन दिवसीय एक्सपो में देश-विदेश के प्रमुख विश्वविद्यालय, कॉलेज, एडटेक कंपनियां और स्किल डेवलपमेंट संस्थान एक ही छत के नीचे एकत्र होंगे। आगंतुकों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट, डिजाइन, लिबरल आर्ट्स, एआई (AI), डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों की जानकारी मिलेगी। एक्सपो के आकर्षण का केंद्र होगा इसका सम्मेलन कार्यक्रम, जिसमें ‘ज्वाइन आईआईटी मद्रास विदाउट जेई’, ‘एनईपी 2020 इन एक्शन’, और ‘एआई-ड्राइवन ट्रांसफॉरमेशन ऑफ हायर एजुकेशन’ जैसे सत्र होंगे। साथ ही, क्विज, हैकाथॉन, कोडथॉन और स्पेसटेक पर विशेष प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएँगी।

NEP 2020 की भावना को देंगे बल

सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि सही कोर्स और संस्थान का चयन किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय होता है। यह एक्सपो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप है, जो बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती है।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी और इंडिया एक्सपो मार्ट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों ने देशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों को इस परिवर्तनकारी मंच का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now