ऋषी तिवारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक कार के अंदर तीन लोगों के शव मिले हैं। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल शवों की पहचान नहीं हो पाई है। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
फ्लाईओवर पर लंबे समय से खड़ी थी कार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर एक टवेरा कार काफी देर से खड़ी हुई थी। राहगीरों को शक होने पर जब उन्होंने कार के अंदर झांककर देखा, तो उसमें तीन लोग अचेत अवस्था में पड़े थे। इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, तो तीनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने कार और उसके आसपास से सभी सबूत एकत्र किए हैं।
यह भी पढ़ें : फडणवीस नहीं, अब राज्य में ‘फसनवीस सरकार’ नाना पटोले का तीखा हमला
आत्महत्या या हत्या?
बता दें कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर मृतकों की उम्र 40 से 70 साल के बीच बताई जा रही है। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है, हालांकि पुलिस कार के नंबर के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में जहर खाकर आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर गौर कर रही है। हत्या के एंगल से भी जांच नहीं छोड़ी गई है। इलाके में लोग अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
बता दें कि पुलिस ने पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता चल सके कि कार कब और किस दिशा से आई थी। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।





















