ऋषी तिवारी
तेलुगु सिनेमा की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म ‘द राजा साहब’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है। मारुति द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म रोमांटिक हॉरर कॉमेडी शैली में बनी है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म का निर्माण पीपल मीडिया फैक्ट्री ने किया है और इसे हिंदी सहित कई भाषाओं में रिलीज़ किया गया है।
पहली बार हॉरर-कॉमेडी अवतार में सुपरस्टार प्रभास
फिल्म में सुपरस्टार प्रभास पहली बार हॉरर-कॉमेडी अवतार में नज़र आ रहे हैं। कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी परवरिश उसकी दादी करती है। जीवन में एक बड़ा मोड़ तब आता है जब उसे पता चलता है कि उसके दादा अभी ज़िंदा हैं। दादा की तलाश में निकला यह सफर रहस्य, डर और हास्य से भरी घटनाओं का रूप ले लेता है।
यह भी पढ़ें : 10-18 जनवरी से आरंभ होगा नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026
दादा के किरदार में नजर आए संजय दत्त
दादा के किरदार में संजय दत्त ने दमदार अभिनय किया है। उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व और स्क्रीन प्रेज़ेंस कहानी को मजबूती प्रदान करता है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दादा से जुड़े कई राज़ सामने आते हैं, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखते हैं।
अपने हल्के-फुल्के अंदाज़ प्रभास
प्रभास अपने हल्के-फुल्के अंदाज़, कॉमिक टाइमिंग और भावनात्मक दृश्यों से दर्शकों को प्रभावित करते हैं। एक्शन और गंभीर भूमिकाओं से हटकर उनकी यह नई छवि फैंस को पसंद आ सकती है। वहीं निधि अग्रवाल और मालविका मोहनन ने भी अपनी भूमिकाओं को संतुलित ढंग से निभाया है। बोमन ईरानी का सीमित लेकिन असरदार किरदार फिल्म को अतिरिक्त मजबूती देता है।
यह भी पढ़ें : कपिल शर्मा का सोलफुल सरप्राइज़, ‘रांझे नू हीर’ अनप्लग्ड ने जीता दिल
फिल्म का VFX इसका बड़ा आकर्षण
बता दें कि फिल्म का VFX इसका बड़ा आकर्षण है। डरावने दृश्य रोमांच पैदा करते हैं, लेकिन फैमिली एंटरटेनमेंट की सीमा में रहते हुए। यही वजह है कि फिल्म बच्चों और परिवार के साथ देखने योग्य बनती है। कुल मिलाकर ‘द राजा साहब’ हंसी, डर, रहस्य और भावनाओं का संतुलित मेल है। यह फिल्म उन दर्शकों के लिए खास है जो परिवार के साथ सिनेमाघर में साफ-सुथरा और मनोरंजक अनुभव लेना चाहते हैं।
फिल्म को 3.5 स्टार की रेटिंग दी जा रही है।


























