Mumbai Metro Shooting Revenue: देश की आर्थिक राजधानी में लाखों लोगों के आवागमन का सुगम साधन बन चुकी मुंबई मेट्रो अब फिल्मी और विज्ञापन शूटिंग का एक बड़ा हॉटस्पॉट बनकर उभर रही है। हाल ही में शुरू हुई मेट्रो लाइन 2B ने व्यावसायिक शूटिंग के जरिए मुंबई महानगर प्राधिकरण (MMRDA) के खजाने में भारी इजाफा किया है। यह कदम मेट्रो की किराया-आधारित आय के अतिरिक्त ‘नॉन-फेयर बॉक्स रेवेन्यू’ (NFBR) को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है।
मंडाले स्टेशन पर हुई पहली व्यावसायिक शूटिंग
मेट्रो लाइन 2B के मंडाले मेट्रो स्टेशन और चलती मेट्रो ट्रेन के अंदर पहली बार एक व्यावसायिक विज्ञापन की शूटिंग की गई। एमएमएमओसीएल (MMMOCL) की ‘प्रिमाइसेस हायरिंग पॉलिसी फॉर इवेंट्स’ के तहत इस शूटिंग को अंजाम दिया गया। इस एक ही शूटिंग से MMRDA को जीएसटी (GST) सहित 20.35 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
किराये से कम निर्भरता का लक्ष्य
प्राधिकरण का मानना है कि फिल्मों और विज्ञापनों की शूटिंग के जरिए किराया-आधारित आय पर निर्भरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े इस नीति की सफलता की गवाही दे रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में शूटिंग से 20.41 लाख, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 25.96 लाख और वर्ष 2026-27 में अब तक 20.35 लाख रुपये की आय अर्जित की जा चुकी है।
81 करोड़ के NFBR का खजाना
शूटिंग के अलावा भी नॉन-फेयर बॉक्स रेवेन्यू के कई अन्य स्रोत हैं, जिनमें दूरसंचार सेवाएं, स्टेशनों और ट्रेनों पर विज्ञापन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधाएं, कियोस्क और स्टेशन नामकरण तथा ब्रांडिंग अधिकार शामिल हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में इन सभी स्रोतों के जरिए मिलाकर लगभग 81 करोड़ रुपये की बंपर आय हुई है।
क्यों मेट्रो को पसंद कर रही फिल्म इंडस्ट्री?
राजस्व सृजन के साथ-साथ यह पहल मुंबई मेट्रो को एक शक्तिशाली ‘अर्बन मीडिया और क्रिएटिव प्लेटफॉर्म’ के रूप में भी स्थापित कर रही है। मेट्रो स्टेशनों की आधुनिक वास्तुकला, बेहद उच्च स्तर की स्वच्छता और बेहतरीन परिचालन दक्षता इसे फिल्म, विज्ञापन और डिजिटल कंटेंट के निर्माताओं के लिए एक आकर्षक और आदर्श लोकेशन बना रही है।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
एमएमआरडीए के आयुक्त एवं महा मुंबई मेट्रो के अध्यक्ष डॉ. संजय मुखर्जी ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह पहल एक भविष्य उन्मुख, आर्थिक रूप से सुदृढ़ और बहुउद्देश्यीय मेट्रो प्रणाली विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। किराये के अतिरिक्त अन्य स्रोतों से आय बढ़ाने वाली इन पहलों से हम एक ऐसी प्रणाली का निर्माण कर रहे हैं, जो किफायती परिवहन सेवा प्रदान करने के साथ-साथ यात्रियों को एक समृद्ध और एकीकृत अनुभव भी देगी।”


























