Bihar News: बिहार की राजधानी पटना से दहेज हत्या का एक ऐसा दरिंदा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेसी गांव में एक नवविवाहिता की कथित तौर पर हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया और फिर जेसीबी मशीन से 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसे जमीन में दफा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद से पूरा ससुराल पक्ष फरार है।
फांसी लगाने की थी दहशत, परिजनों ने पकड़ी चाल
मामले के अनुसार, घटना के दिन ही रात में ससुराल पक्ष ने रूपा (मृतका) के मायके वालों को फोन कर जानकारी दी कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस झूठी सूचना पर भरोसा करते हुए अगले दिन सुबह जब परिजन चेसी गांव पहुंचे, तो वहां का नजारा हैरान कर देने वाला था। ससुराल का पूरा घर खाली था और रूपा का कहीं अता-पता नहीं था। शक होने पर परिजनों ने तुरंत नौबतपुर थाने पहुंचकर ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कराई।
जेसीबी से खुदाई कर बरामद किया गया जला हुआ शव
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। घटना के तीन दिनों के बाद जब पुलिस ने गांव के बाहर एक खेत में जेसीबी मशीन से खुदाई कराई, तो वहां से एक आधा-जला शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त रूपा के रूप में हुई। मृतका के भाई धीरज कुमार ने बताया कि मेरी बहन की बेरहमी से हत्या की गई। शव को जलाकर करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया गया, ताकि कोई सबूत न बचे। यह पूरी तरह से पहले से प्लान की गई साजिश थी।
पुलिस ने की ये बड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वायड तैनात किया गया। सिटी एसपी पटना वेस्ट, भानु प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दहेज हत्या का प्रतीत होता है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश की है। शव को जलाना और गड्ढे में दफनाना इसका सबूत है।” उन्होंने बताया कि पुलिस ने दहेज हत्या, संगठित अपराध और साक्ष्य मिटाने की कठोर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
वर्तमान में पुलिस टीमें फरार चल रहे सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। संदेहास्पद स्थानों पर नजर रखी जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है और मायके पक्ष की मांग है कि जल्द से जल्द दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।

























