श्रद्धा तिवारी
The Shekhar Tonight Show: मशहूर टीवी होस्ट शेखर सुमन लंबे समय के बाद अपने लेट-नाइट टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ (Shekhar Tonight) के साथ एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। पूरे 14 साल बाद हो रही इस वापसी में शो के पहले मेहमान केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) होंगे। शो के पहले एपिसोड की झलक जारी की गई है, जिसमें गडकरी ने अपने जीवन का एक बेहद प्रेरणादायक किस्सा साझा किया है।
शो के दौरान हुई इस खास बातचीत में नितिन गडकरी ने बताया कि कैसे उन्हें इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला नहीं मिल पाया, लेकिन फिर भी उन्होंने मेहनत के दम पर आज इंफ्रास्ट्रक्चर दुनिया में 7 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए।
आपातकाल ने बिगाड़ी थी पढ़ाई
नितिन गडकरी ने शेखर सुमन के साथ बातचीत में कहा कि मैं एक बात ईमानदारी से बताना चाहता हूँ। लोग मुझे ‘डॉक्टर’ कहते हैं, लेकिन मैं इतना बड़ा विद्वान नहीं हूँ। उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि 1975 में जब वह 12वीं क्लास में थे, तब उनके परिवार की इच्छा थी कि वह इंजीनियर बनें।
गडकरी ने कहा, “उस समय मैं आपातकाल के खिलाफ आंदोलन में सक्रिय था। माहौल बहुत तनावपूर्ण था और कई लोग जेल गए थे। इसका असर मेरी पढ़ाई पर भी पड़ा। मुझे 10वीं में 52% और साइंस में सिर्फ 49.26% अंक मिले। इसी वजह से मुझे इंजीनियरिंग में दाखिला नहीं मिला।”
असफलता को सफलता में बदला
हालांकि, कॉलेज में दाखिला न मिलने के बावजूद नितिन गडकरी ने हार नहीं मानी। आज उनके नाम सड़कों, सुरंगों, पुलों, हाईवे और एक्सप्रेसवे से जुड़े 7 विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। उनकी यह कहानी किसी भी युवा के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती है।
शो की खासियत
बता दें कि इस शो को अध्ययन सुमन ने बनाया है, जबकि निर्माता धर्मेश संगानी हैं। शो में शेखर सुमन का वही पुराना अंदाज़ देखने को मिलेगा, जिसमें उनका ह्यूमर, ईमानदारी और दिल से जुड़ी बातचीत शामिल है। ‘शेखर टुनाइट’ का प्रीमियर 15 मई 2026 से होगा। दर्शक इसे हर शुक्रवार को यूट्यूब (YouTube) पर देख सकेंगे।























