Noida News: सोमवार के बाद मंगलवार की सुबह भी नोएडा में मजदूरों का आंदोलन हिंसक रूप ले गया। कई सेक्टरों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और सड़क पर खड़ी बसों तथा अन्य वाहनों की तोड़फोड़ कर दी। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए पूरे नोएडा में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दिया गया है।
सेक्टर-121 और 80 में जमकर पथराव
मंगलवार सुबह सेक्टर-121 में एकत्रित हुए प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान लगातार पत्थर चलने से कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में खड़ी कई बसों और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, सेक्टर-80 में भी पत्थरबाजी की सूचना मिली। हालांकि, यहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर पत्थरबाजों को खदेड़ दिया। सेक्टर-70 में भी मजदूरों की भारी भीड़ जमा हुई, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना हुआ, लेकिन पुलिस ने समझाने-बुझाने के बाद भीड़ को तितर-बितर करा दिया।
सेक्टर-63 में फैक्ट्री के बाहर जमा हुई भीड़
इस बीच, सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री के बाहर भारी संख्या में श्रमिक एकत्रित हो गए। दरअसल, फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस लगा दिया गया था। लेकिन, मजदूरों को डर था कि अगर उन्होंने फैक्ट्री में पंचिंग (हाजिरी) नहीं कराई तो उनका वेतन कट सकता है। इसी डर के चलते सैकड़ों की संख्या में मजदूर फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए।
मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने श्रमिकों को समझाया और उन्हें वापस जाने के लिए कहा। पुलिस अधिकारियों ने मजदूरों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है और वेतन कटने को लेकर उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
फैक्ट्री मैनेजमेंट ने बताया ‘सुनियोजित साजिश’
इस पूरे हिंसक घटनाक्रम पर फैक्ट्री मैनेजमेंट की प्रतिक्रिया सामने आई है। मैनेजमेंट ने इसे पूरी तरह से ‘सुनियोजित साजिश’ करार दिया है। मैनेजमेंट का दावा है कि यह हंगामा किसी विशेष प्लान के तहत कराया गया है और इसके पीछे तथाकथित ‘टूलकिट’ का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, मैनेजमेंट ने इस हिंसा में कुछ बाहरी तत्वों के शामिल होने की भी आशंका जताई है।
पुलिस अलर्ट, निकाला फ्लैग मार्च
लगातार दूसरे दिन हिंसा को देखते हुए नोएडा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। भीड़ को नियंत्रण में रखने और लोगों में भरोसा जगाने के लिए पुलिस ने सेक्टर-6 समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इलाके में जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस का साफ मानना है कि कहीं भी भीड़ इकट्ठी होते देखी जाएगी, तो उसे तुरंत तितर-बितर किया जाएगा। किसी भी तरह की हिंसा या कानून व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




















