कॉकरोच जनता पार्टी चींटी जनता पार्टी
---Advertisement---

बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण विरोधी अभियान में तनाव, पुलिस पर पथराव

Mumbai News: वेस्टर्न रेलवे नेटवर्क पर बांद्रा स्टेशन और बांद्रा टर्मिनस के बीच स्थित 'गरीब नगर' इलाके में करीब 5200 वर्ग मीटर जमीन खाली कराने के लिए 19 मई को यह तोड़फोड़ अभियान शुरू किया गया था। प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है।

अतिक्रमण हटाने के दौरान हिंसा, पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा

HIGHLIGHTS

  • भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल
  • बांद्रा में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति
  • पुलिस ने 16 लोगों को किया गिरफ्तार, आरोपियों की तलाश जारी
  • बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर चल रहा था अतिक्रमण हटाने का अभियान
  • मस्जिद गिराने के दौरान भड़का विवाद, बड़ी संख्या में लोग जुटे

Mumbai News: मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 150 से अधिक अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी।

बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर चल रहा था अभियान

बता दें कि वेस्टर्न रेलवे नेटवर्क पर बांद्रा स्टेशन और बांद्रा टर्मिनस के बीच स्थित ‘गरीब नगर’ इलाके में करीब 5200 वर्ग मीटर जमीन खाली कराने के लिए 19 मई को यह तोड़फोड़ अभियान शुरू किया गया था। प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है ताकि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जा सके।

मस्जिद की ढांचा गिराने के दौरान भड़का विवाद

बता दें कि तनाव 20 मई को बढ़ा जब अधिकारियों ने रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण करके बनाई गई एक मस्जिद को हटाना शुरू किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भीड़ ने पुलिस और रेलवे कर्मचारियों पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को दो बार लाठीचार्ज करना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें पथराव और पुलिसिया कार्रवाई देखी जा सकती है।

1000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात थे मौके पर

अतिक्रमण हटाने के इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। इनमें मुंबई पुलिस के लगभग 400 जवान, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे पुलिस के 400 कर्मी तथा रेलवे विभाग के अन्य अधिकारी शामिल थे। इतनी बड़ी संख्या में बल के बावजूद भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की।

हिंसा में घायल हुए पांच पुलिसकर्मी

इस झड़प में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों की पहचान प्रतीक जाधव, चंद्रकांत देबारे, नवनाथ मुदगुल, ओंकार कोली और दत्तात्रेय बागुल के रूप में हुई है। उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में कई महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं। लोगों का कहना है कि बुलडोजर चलाने से पहले उन्हें अपना सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे वे आक्रोशित हो गए।

16 गिरफ्तार, आरोपियों पर संगीन धाराएं

निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में दिलशाद शेख (19), जाकिर अब्बासी (30), साजिद अंसारी (26), सलाहुद्दीन शेख (26), रहीम खान (19), अरबन मोहम्मद फुरकान (21), नाजिम रफीक (20), दिलशाद अहमद (46), इसरार खान (19) और मोबीन अब्दुल हमीद खान (26) समेत अन्य शामिल हैं।

इन सभी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें हत्या के प्रयास, गैरकानूनी जमावड़ा और हिंसा जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

सीएम फडणवीस बोले- ‘पुलिस पर हमले पर ही की गई कार्रवाई’

इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई तभी की जब उस पर हमला किया गया। उन्होंने आगे कहा कि अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और पथराव में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’ सीएम ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आवश्यक थी।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now