संध्या समय न्यूज
T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने न सिर्फ मैदान में, बल्कि दिव्य शक्ति के आगे भी अपना सिर झुकाया। इतिहास रचने के कुछ ही घंटों बाद, कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी लेकर पैदल हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर टीम की इस ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लिया।
न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर बनाया इतिहास
रविवार, 8 मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर अपना दबदबा कायम रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों की तेज रफ्तार का सामना नहीं कर पाई और पूरी टीम मात्र 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ ही भारत मेजबान देश के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया।
पैदल मंदिर पहुंचे खिलाड़ी, वायरल हो रहा वीडियो
मैच की समाप्ति के बाद प्रसारण और प्रेस कॉन्फ्रेंस की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम इंडिया के सदस्य नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास स्थित हनुमान टेकरी मंदिर पैदल चलकर पहुंचे। जीत की खुशी में उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस खिलाड़ियों के इस श्रद्धालु अवतार की काफी तारीफ कर रहे हैं।
लगातार तीसरा ICC खिताब
यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक है। 2024 से 2026 के बीच यह भारत का लगातार तीसरा आईसीसी खिताब है। इस शानदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया को इस दौर की दुनिया की सबसे सफल अंतरराष्ट्रीय टीम बना दिया है।
क्रिकेट की जीत पर बॉलीवुड सितारों का खुशी का जश्न, सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं
कप्तान सूर्या ने किया खुलासा
जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम के खिलाड़ियों पर भरोसा रखने को जीत का सबसे बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा, “एक लीडर के तौर पर यह समझना सबसे जरूरी होता है कि आपके खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं। मुझे पता था कि मेरी टीम के हर खिलाड़ी में मैच जिताने की अद्भुत क्षमता है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर मुझे शुरू से भरोसा था। वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा यकीन था कि वे फाइनल जैसे बड़े मंच पर कुछ खास जरूर करेंगे।”
























