Share Market Today:भारतीय शेयर बाजार में आज (27 मार्च) भारी उतार-चावदार कारोबार देखने को मिल रहा है। वैश्विक संकेतों के खराब होने और भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशकों ने बेचने का रुख किया है, जिससे बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेज गिरावट दर्ज की गई है।
बाजार का हाल
बीएसई सेंसेक्स की शुरुआत आज 389 अंकों की गिरावट के साथ 74,883 के स्तर पर हुई। हालांकि, आगे चलकर गिरावट और गहराई और सेंसेक्स 946 अंकों की भारी गिरावट के साथ 74,322 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 भी 132 अंकों की गिरावट के साथ खुला और अभी 270 अंकों की गिरावट के साथ 23,035 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
किन सेक्टरों पर पड़ा सबसे ज्यादा असर?
आज के कारोबार में आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई है। प्रमुख शेयरों में HDFC बैंक, टाटा मोटर्स और TCS के शेयरों में गिरावट का रुख नजर आ रहा है, जिससे सूचकांकों पर दबाव बना हुआ है।
एशियाई बाजारों में भी मंदी
भारतीय बाजार के साथ-साथ एशियाई बाजारों में भी आज भारी गिरावट है। अमेरिकी बाजार में हुई तेज बिकवाली और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों को डरा दिया है। इसका असर यह हुआ कि जापान का निक्केई 225 0.9 प्रतिशत गिरा। वहीं, दक्षिण कोरिया के कोस्पी (Kospi) को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ और यह 3 प्रतिशत तक लुढ़क गया। ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 भी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार का असर
वॉल स्ट्रीट में गुरुवार (26 मार्च) को जो भारी बिकवाली हुई, उसका असर आज एशियाई बाजारों पर साफ दिख रहा है। अमेरिका में टेक-हैवी नैस्डेक कम्पोजिट (Nasdaq Composite) में 2.4 प्रतिशत की भारी गिरावट आई, जबकि S&P 500 1.7 प्रतिशत और डाऊ जोन्स 1.01 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

यह भी पढ़ें : नोएडा में भीषण अग्निकांड: सेक्टर 76 में ‘नमश्कार स्वीट्स’ से लगी आग
कच्चे तेल की कीमतों में उतार
कच्चे तेल की कीमतों में आज कुछ राहत मिली है। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले को टालने के फैसले का असर तेल की कीमतों पर पड़ा। ब्रेंट क्रूड 0.93 प्रतिशत गिरकर 107 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 0.5 प्रतिशत गिरकर 94 डॉलर के करीब पहुंच गया।
डॉलर की स्थिति
मुद्रा बाजार की बात करें तो अमेरिकी डॉलर इंडेक्स (DXY) 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 99.89 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, भारतीय रुपये ने पिछले सत्र (25 मार्च) को 0.10 प्रतिशत मजबूती के साथ 93.97 के स्तर पर बंद किया था।























