संध्या समय न्यूज संवाददाता
बिलासपुर। शहर के 117 वर्ष पुराने सेंट अगस्टीन चर्च में गुड फ्राइडे की आराधना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित की गई। ईसाई समुदाय के लिए गुड फ्राइडे का दिन बेहद विशेष और महत्वपूर्ण माना जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चर्च के सदस्य और समिति से जुड़े लोगों ने आराधना में भाग लिया।
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चली इस विशेष आराधना के दौरान चर्च के पास्टर शैलेष सोलोमन ने क्रूस पर ईसा मसीह द्वारा बोले गए सात वचनों का सारगर्भित ढंग से वर्णन किया। उन्होंने ईसा मसीह के बलिदान और उनकी शिक्षाओं के महत्व को विस्तार से समझाया।
ईसा मसीह के बलिदान का दिया संदेश
पास्टर शैलेष सोलोमन ने कहा कि ईसा मसीह ने मानव समाज के पापों के लिए स्वयं को क्रूस पर चढ़ा दिया और अपने प्राणों की आहुति दी, ताकि लोगों को अपने पापों से छुटकारा मिल सके। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह की शिक्षाएं पूरे मानव समाज के लिए हैं और उनके संदेश मानवता, प्रेम और त्याग की भावना को प्रेरित करते हैं।
गुड फ्राइडे की इस विशेष आराधना में चर्च समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में चर्च के सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने भी बाइबल पठन में हिस्सा लिया। बच्चों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
चर्च समिति के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में चर्च समिति से जुड़े कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। इनमें मौसमी रॉबिन्सन (सचिव), निरन्जन टोपनो (कोषाध्यक्ष), आलोक ज़करिया, कर्नल लाल, जॉन बोदरा, स्वरूप जेम्स, अनूप जेम्स, रूप रतन सिंह, जयदीप रॉबिन्सन, जयप्रकाश और जीनियस जेस सहित अन्य लोग शामिल रहे।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रार्थना और आराधना में हिस्सा लिया तथा ईसा मसीह के बलिदान और उनकी शिक्षाओं को स्मरण किया।


























