फुटबॉल की दुनिया में कहानियां अक्सर स्क्रिप्ट से भी ज्यादा ड्रामैटिक होती हैं। कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जिन्हें पढ़कर या देखकर यकीन ही नहीं होता कि क्या यह सच में हुआ है? फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से जुड़ी एक ऐसी ही अद्भुत और अविश्वसनीय कहानी सामने आई है, जिसने पूरी फुटबॉल फ्रेटर्निटी को हैरान कर दिया है। यह कहानी दिग्गज लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा सनसनी लामिन यमाल के बीच के उस पुराने रिश्ते की है, जिसने अब खेल के सबसे बड़े मंच पर एक नया मोड़ ले लिया है।
वायरल तस्वीर ने उड़ाए फैंस के होश
फाइनल मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर एक लगभग 19 साल पुरानी तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी एक छोटे से बच्चे को बाथटब में नहलाते हुए और फिर गोद में उठाए हुए नजर आ रहे हैं। आपको शायद यकीन न हो, लेकिन यह बच्चा कोई साधारण बच्चा नहीं बल्कि स्पेन के उभरते हुए सुपरस्टार लामिन यमाल है।
दरअसल, साल 2007 में बार्सिलोना के एक प्रमुख अखबार ‘डायरियो स्पोर्ट’ ने यूनिसेफ (संयुक्त राष्ट्र बाल कोष) की एक चैरिटी कैंपेन का आयोजन किया था। इसी दौरान तस्वीरकार जोन मोनफोर्ट ने यह खास तस्वीरें क्लिक की थीं। तब 20 साल के मेसी बार्सिलोना के उभरते सितारे थे और उन्हें फोटोशूट के लिए स्थानीय परिवारों के बच्चों के साथ पोज देना था।
उस वक्त न तो मेसी और न ही उस बच्चे के परिवार ने सोचा था कि भविष्य में यह पल इतना ऐतिहासिक बन जाएगा। यह तस्वीर पहले यूरो कप 2024 के दौरान यमाल के पिता ने इंस्टाग्राम पर साझा की थी, लेकिन अब वर्ल्ड कप फाइनल को देखते हुए ये फिर से सुर्खियों में आ गई है।
5 महीने का बच्चा अब बन गया सबसे बड़ा खतरा
जिस 5 महीने के मस्तूल को मेसी ने अपनी गोद में लिया था, वह बच्चा आज 19 साल का युवा योद्धा बनकर तैयार है। न्यूयॉर्क (अमेरिका) के न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से है। मैदान पर एक तरफ 39 साल के मेसी होंगे, जो अपने देश को लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ वही युवा खिलाड़ी होगा जिसे उन्होंने कभी अपने हाथों से नहलाया था। यमाल इस टूर्नामेंट में स्पेन की नई पीढ़ी का चेहरा और सबसे बड़ा मैच-विनर साबित हुए हैं।
फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज करने के बाद, जब लामिन यमाल से पत्रकारों ने इस पुरानी तस्वीर पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो वह ठहाके लगाकर हंस पड़े। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह फाइनल में मेसी के सामने खड़े होने के बारे में सोच रहे हैं, तो यमाल ने बेहद परिपक्व जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मैं और मेसी दोनों ही अब बड़े हो गए हैं। मेसी की टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रही है और मुझे वर्ल्ड कप फाइनल में उनके खिलाफ खेलने का इंतजार है, यह बहुत अच्छा लगेगा।”
मेसी ने कहा- ‘जिंदगी ऐसी ही होती है’
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने भी इस अनोखी नियति पर अपनी बात रखी। मेसी ने कहा, “सच कहूं तो यह तस्वीर वाकई में बेहद खास है। जिंदगी ऐसी ही होती है। उस वक्त वह एक छोटा सा बच्चा था और मैं उसके साथ था, और आज हम दोनों वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मैच में एक-दूसरे के खिलाफ खड़े होंगे।”
मेसी ने यमाल के प्रतिभाशाली खेल की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “लामिन में कमाल का टैलेंट है। मैं उसे काफी करीब से फॉलो करता हूं क्योंकि वह उस क्लब (बार्सिलोना) के लिए खेलता है जिसे मैं दिल से चाहता हूं। मैं हमेशा उसके लिए अच्छा ही चाहता हूं। मात्र 19 साल की उम्र में वह दुनिया के टॉप फुटबॉलर्स में शामिल हो चुका है। उसके पास इतिहास रचने का शानदार मौका है, हालांकि हमारी पूरी कोशिश होगी कि वह यहां ये करिश्मा न कर पाए।”
ला मासिया का जादू और ऐतिहासिक भिड़ंत
इस मुकाबले को और भी दिलचस्प बनाने वाली बात यह है कि दोनों खिलाड़ी फुटबॉल की सबसे मशहूर अकादमी ‘ला मासिया’ की देन हैं। जहां मेसी ने इस अकादमी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई, वहीं यमाल को अब इसी अकादमी का अगला ग्लोबल सुपरस्टार माना जा रहा है।
अर्जेंटीना ने अपने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 2-1 से पटखनी दी थी, जबकि स्पेन ने फ्रांस जैसी बड़ी टीम को 2-0 से धूल चटाई। अगर हम इतिहास के पन्ने उलटें, तो अर्जेंटीना और स्पेन की टीमें आखिरी बार वर्ल्ड कप में साल 1966 में भिड़ी थीं, जिसमें अर्जेंटीना ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।
20 जुलाई को न्यू जर्सी स्टेडियम में यह मैच सिर्फ दो देशों की लड़ाई नहीं होगी, बल्कि यह एक ऐसे जादुई कहानी का अध्याय होगा जहां एक गुरु और उसी गुरु के गोद में पलने वाला शिष्य, खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। फुटबॉल फैंस के लिए यह नजारा देखना वाकई एक बेहद खास अनुभव होगा।



























