संध्या समय न्यूज संवाददाता
तीर्थराज पुष्कर में स्थित मीरा के आराध्य श्री गिरिधर गोपाल मंदिर परशुराम द्वारा में जगद्गुरु निम्बार्क पीठाधीश्वर श्री श्यामशरण जी देवाचार्य श्रीजी महाराज के सानिध्य में धूमधाम से मंदिर का पाटोत्सव महोत्सव मनाया गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुजारी नवनीत शास्त्री ने बताया कि विश्व शांति और भारत देश की निरंतर उन्नत्ति और खुशहाली की कामना के साथ मनाए गए इस पाटोत्सव महोत्सव में प्रातःकाल भगवान श्री गिरिधर गोपाल एवं राधा जी के श्री विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत से अभिषेक किया गया । इसके पश्चात ठाकुर जी का सुंदर फूल बंगला सजाकर गुलाब एवं मोगरे के फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया ।
भजन गायकों ने पद गायन से रिझाया
पाटोत्सव महोत्सव के अवसर पर स्थानीय भजन गायक दिनेश पाराशर, गिरी पाराशर और सत्यनारायण धाबाई सहित अन्य भजन कलाकारों ने भगवान श्री गिरिधर गोपाल के पदों का गायन कर श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। भजनों के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष मौजूदगी रही।
जगद्गुरु श्रीजी महाराज ने की महाआरती
भजन कार्यक्रम के पश्चात जगद्गुरु श्री श्यामशरण जी देवाचार्य श्रीजी महाराज ने ठाकुर जी की विधिवत महाआरती की। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गिरिधर गोपाल के जयकारे लगाए और धार्मिक वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर में मौजूद सभी श्रद्धालु भक्तों को महाप्रसाद वितरित किया गया। पाटोत्सव महोत्सव में पुष्कर नगर के कई गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


























