Delhi News: दिल्ली के सफदरजंग (ग्रीन पार्क) इलाके से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली न्यायिक सेवा (Delhi Judicial Service) के युवा जज अमन कुमार शर्मा का शव सोमवार को उनके आवास पर फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद पूरे न्यायिक वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुई घटना की जानकारी?
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस का बड़ा अधिकारी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घर की बारीकी से जांच की और एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र कराए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
कौन थे जज अमन कुमार शर्मा?
जज अमन शर्मा अपनी होनहारी छवि के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई पुणे के प्रतिष्ठित ‘सिम्बायोसिस लॉ स्कूल’ से की थी और साल 2018 में कानून की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत करते हुए दिल्ली न्यायिक सेवा की परीक्षा पास की और 19 जून 2021 को आधिकारिक रूप से जज के पद पर ज्वाइन किया।
अपने कार्यकाल में उन्होंने कई अहम आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की। उनकी काबिलियत को देखते हुए अक्टूबर 2025 से उन्हें कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में फुल-टाइम सचिव के एक अहम पद पर तैनात किया गया था।
पुलिस का क्या कहना है?
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जज ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि अभी फिलहाल किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। बावजूद इसके पुलिस हर पहलू को लेकर जांच में जुटी हुई है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इतनी छोटी उम्र में और सफल करियर के बीच जज ने ऐसा कदम क्यों उठाया। क्या उन्हें कोई पेशेवर तनाव था या फिर परिवारिक कोई वजह थी? पुलिस जल्द ही उनके परिवार वालों और करीबियों से पूछताछ करेगी।
न्यायिक वर्ग में शोक
जज अमन कुमार शर्मा की असामयिक मौत की खबर लगते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। वहीं, कोर्ट परिसर में भी गमगीन माहौल है। उनके साथ काम करने वाले जज और वकील इस खबर से हैरान हैं। बहुत कम उम्र में ही उन्होंने बड़ी मुकाम हासिल किया था, जिसे देखते हुए उनके जाने से हर किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा है।
पुलिस को अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों और समय का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।























