Delhi Capitals vs Chennai Super Kings: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 48वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उसके ही घर में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के हीरो रहे विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन, जिनकी तूफानी नाबाद पारी के दम पर चेन्नई ने 156 रनों के लक्ष्य को लगभग बिना कोई रुकावट के 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया।
संजू के बल्ले से छा गया तूफान
टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी CSK की शुरुआत निराशाजनक रही। ओपनर रुतुराज गायकवाड़ एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद क्रीज पर मौजूद संजू सैमसन ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली।
उन्होंने पहले उर्विल के साथ नींव संभाली और फिर कार्तिक शर्मा के साथ मिलकर तेजी से रन बनाने शुरू किए। संजू ने 52 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 87 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके इस पारी में 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहे, जिसने दिल्ली के गेंदबाजों की नींद उड़ा दी। दूसरे छोर से कार्तिक शर्मा ने भी 31 गेंदों में 41 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
ऐसे लड़खड़ाई दिल्ली की पारी
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। चौथे ओवर में ही पथुम निसंका अपना विकेट गंवा बैठे। इसके तुरंत बाद टीम के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल भी 12 रन बनाकर चलते बने। शुरुआती झटकों के बाद दिल्ली के विकेटों का पतन शुरू हो गया और टीम एक समय बैकफुट पर आ गई थी।
हालांकि, मध्यक्रम में समीर रिजवी (34 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभाला। स्टब्स ने नीचे क्रम से आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 38 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें 2 लंबे छक्के भी शामिल थे। इन दोनों के अर्धशतकीय साझेदारी के दम पर दिल्ली टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 155 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
अंक तालिका में बदला गया खेल
इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ के समीकरण में जान आ गई है। 10 मैच खेल चुकी CSK टीम 10 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, इस हार से दिल्ली कैपिटल्स की राह मुश्किल हो गई है और वह 8 अंकों के साथ सातवें नंबर पर सिमट गई है। अब दोनों टीमों को अपने बचे हुए मैचों में जीत के अलावा कोई विकल्प नहीं नजर आ रहा है।























