संदीप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा। रोटरी क्लब ग्रेटर नोएडा के सदस्य मुकुल गोयल, कपिल गर्ग ने बाढ़ से पीड़ित परिवारों को प्रशासन द्वारा बनाये गए सेक्टर 135 में बनाये गए शिविर में जाकर आज जूस, खाद्य सामग्री व महिलाओं को सैनेट्री पैड वितरित किए।
रोटरी क्लब ग्रेटर नोएडा के सदस्य मुकुल गोयल और कपिल गर्ग ने शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए।
गौतमबुद्धनगर में बाढ़ के कारण हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवारों को अपने घरों से विस्थापित होकर राहत शिविरों में रहने को मजबूर होना पड़ा है। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को भोजन, रहने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी मेधा रूपम, एडीएम अतुल कुमार, एसडीएम आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार प्रतीक सिंह चौहान, मनोज बाबू और जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रोटरी क्लब ग्रेटर नोएडा के सदस्यों ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है। क्लब की ओर से भविष्य में भी जरूरत के अनुसार राहत एवं सहायता कार्यों में सहयोग जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
























