राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को बताया नए भारत की ताकत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करते हैं। उन्होंने इस अभियान के दौरान भारतीय सेनाओं द्वारा दिखाई गई अद्वितीय सटीकता और तीनों सेनाओं (थल, नौ और वायु) के बीच गहरी तालमेल की प्रशंसा की।

ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखाया भारत का दम

HIGHLIGHTS

  • ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर देशभर में गर्व का माहौल
  • योगी आदित्यनाथ बोले- ऑपरेशन सिंदूर भविष्य की प्रेरणा
  • भारतीय सेना की वीरता को सलाम, बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
  • ऑपरेशन सिंदूर: आत्मनिर्भर भारत की सैन्य शक्ति का प्रतीक
  • आतंकियों को राजनाथ सिंह की दोटूक चेतावनी

Anniversary of Operation Sindoor: भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और रणनीतिक क्षमता के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर देशभर में गर्व का माहौल है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) के जरिए सेना के जवानों को सलाम किया है। दोनों नेताओं ने इस ऑपरेशन को ‘नए भारत’ की ताकत और आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीक बताया।

राजनाथ सिंह ने की तीनों सेनाओं के समन्वय की तारीफ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करते हैं। उन्होंने इस अभियान के दौरान भारतीय सेनाओं द्वारा दिखाई गई अद्वितीय सटीकता और तीनों सेनाओं (थल, नौ और वायु) के बीच गहरी तालमेल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया है।

राजनाथ सिंह ने आगे लिखा कि यह राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि जब भी देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण घड़ी आती है, तो हमारे जवान निर्णायक कार्रवाई के लिए सदैव तैयार रहते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान भारत की ‘आत्मनिर्भरता’ की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनकी आतंकवादियों और उनके संरक्षकों को लेकर कड़ी चेतावनी शामिल है। वीडियो में राजनाथ सिंह कह रहे हैं कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जब भी कोई कार्रवाई करेगा, तो आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए सरहद पार की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा- ‘यह विजय गाथा भविष्य की प्रेरणा है’

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे 145 करोड़ भारतवासियों की एकजुटता और अदम्य इच्छाशक्ति की गौरवशाली अभिव्यक्ति बताया। अपने ‘एक्स’ हैंडल पर सेना के रणबांकुरों को अभिनंदन करते हुए योगी ने लिखा कि यह ऑपरेशन ‘नए भारत’ के आत्मविश्वास, साहस और निर्णायक नेतृत्व का सशक्त प्रतीक है।

सीएम योगी ने आगे कहा कि इसने विश्व को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से कोई समझौता नहीं करता है। हमारे वीर जवानों का शौर्य, त्याग और तप ही भारत की अजेय शक्ति है। राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। ऑपरेशन सिंदूर की यह विजय गाथा केवल इतिहास नहीं, बल्कि भविष्य की प्रेरणा है। गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना की सर्जिकल और सटीक हमले की क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने वाला एक ऐतिहासिक अभियान रहा है, जिसकी चर्चा आज भी रणनीतिक विशेषज्ञों में खूब होती है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now