IPL Tean Rajasthan Royals: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की दुनिया में एक बड़ी खबर सामने आई है। आईपीएल की शुरुआती और पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को अब एक नया मालिक मिल गया है। दुनिया के मशहूर ‘स्टील किंग’ और भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल के परिवार ने ‘वैक्सीन किंग’ अदार पूनावाला के साथ मिलकर इस फ्रेंचाइजी को अपने नाम कर लिया है।
कितने में हुई ये बड़ी डील?
मित्तल और पूनावाला ने मनोज बदले एंड ग्रुप से राजस्थान रॉयल्स का अधिग्रहण किया है। इस ऐतिहासिक सौदे की कीमत करीब 1.65 अरब डॉलर (लगभग ₹15,660 करोड़ रुपये) बताई जा रही है। डील के तहत शेयरहोल्डिंग की बात करें तो मित्तल फैमिली के पास टीम की लगभग 75% मैजोरिटी स्टेक होगी, जबकि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला के पास करीब 18% हिस्सा रहेगा। बाकी का हिस्सा अन्य निवेशकों के पास होगा।
बोर्ड में कौन-कौन होगा शामिल?
इस डील के पूरा होने के बाद राजस्थान रॉयल्स के बोर्ड में बड़े नाम शामिल होंगे। इसमें लक्ष्मी मित्तल, उनके बेटे आदित्य मित्तल, बेटी वनीशा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बदले शामिल होंगे। बता दें कि लक्ष्मी मित्तल ने साल 2021 में आर्सेलरमित्तल के सीईओ का पद अपने बेटे आदित्य मित्तल को सौंपा था।
क्यों खरीदी सिर्फ राजस्थान रॉयल्स? लक्ष्मी मित्तल ने दी ये वजह
75 साल के लक्ष्मी मित्तल का राजस्थान से गहरा जुड़ाव है। उनका जन्म और पालन-पोषण उत्तरी राजस्थान के सादुलपुर में हुआ था। टीम खरीदने के बाद उत्साहित मित्तल ने कहा, “मुझे क्रिकेट से बहुत प्यार है और मेरा परिवार राजस्थान से है, इसलिए राजस्थान रॉयल्स के अलावा मैं किसी और आईपीएल टीम का हिस्सा नहीं बनना चाहूंगा। कई महान खिलाड़ियों ने इस टीम की जर्सी पहनी है और मैं इस शानदार विरासत का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं।”
वहीं, अदार पूनावाला ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स एक मजबूत विरासत वाली प्रमुख फ्रेंचाइजी है और वे इस साझेदारी से बेहद खुश हैं।
स्टील किंग की अदभुत संपत्ति और जीवनशैली
फोर्ब्स रियल-टाइम बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, लक्ष्मी मित्तल भारत के चौथे सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 28.4 अरब डॉलर (लगभग ₹2.36 लाख करोड़) है।
- कारोबारी साम्राज्य: उन्होंने अपनी संपत्ति दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्टील निर्माता कंपनी ‘आर्सेलरमित्तल’ के माध्यम से बनाई है। इस कंपनी में उनके परिवार की करीब 40% हिस्सेदारी है।
- ब्रिटेन से शिफ्ट होकर UAE का रुख: साल 1995 में लंदन चले गए मित्तल जल्द ही ब्रिटेन के सबसे अमीर भारतीय मूल के व्यक्ति बन गए। हालांकि, हाल ही में उन्होंने सभी को चौंकाते हुए ब्रिटेन छोड़ दिया।
- लग्जरी प्रॉपर्टीज: लंदन के ‘बिलियनेयर्स-रो’ कहे जाने वाले केंसिंग्टन पैलेस गार्डन्स में उनकी संपत्तियां दुनिया के सबसे महंगे घरों में शुमार हैं। अब उन्होंने दुबई में एक हवेली खरीदी है और UAE के ‘अल नाया आइलैंड’ पर एक बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में हिस्सा लिया है।

























