संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। आगजनी की घटनाओं में निरंतर बढ़ोतरी और जनहानि को देखते हुए युवा शक्ति अग्नि सुरक्षा टीम द्वारा समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। टीम के संयोजक श्री सचिन मिश्रा के नेतृत्व में अब तक हजारों लोगों को अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
स्कूल-कॉलेज से लेकर औद्योगिक इकाइयों तक प्रशिक्षण
युवा शक्ति अग्नि सुरक्षा टीम की ओर से विभिन्न संस्थानों में नियमित रूप से अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को आग लगने के संभावित कारणों, बचाव के तरीकों और अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की व्यवहारिक जानकारी दी जाती है।
टीम का प्रयास है कि प्रशिक्षण केवल जानकारी तक सीमित न रहे, बल्कि लोग आपात स्थिति में सही निर्णय लेने और सुरक्षित तरीके से कार्रवाई करने में सक्षम बनें।
जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को किया जा रहा जागरूक
अग्नि सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए टीम द्वारा रैलियों, पोस्टरों, नुक्कड़ नाटकों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों के माध्यम से आम लोगों को आग से बचाव के आसान और प्रभावी उपायों की जानकारी दी जाती है।
टीम विशेष रूप से लोगों को यह संदेश देती है कि आग लगने के बाद बचाव करने से बेहतर है कि पहले से ही सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरती जाएं।
आपात स्थिति में राहत और बचाव में सहयोग
युवा शक्ति अग्नि सुरक्षा टीम का कार्य केवल प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। आग लगने जैसी आपात स्थिति में टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने का प्रयास करती है।
इसके अलावा प्रशासन, फायर ब्रिगेड और अन्य सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

बच्चों और महिलाओं को दी जा रही विशेष अग्नि सुरक्षा शिक्षा
टीम द्वारा बाल एवं महिला सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बच्चों और महिलाओं को आग लगने की स्थिति में क्या करना चाहिए, किन गलतियों से बचना चाहिए और सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचना है, इसकी व्यवहारिक जानकारी दी जाती है।
टीम का मानना है कि परिवार में हर सदस्य को अग्नि सुरक्षा की बुनियादी जानकारी होना जरूरी है, ताकि आपात स्थिति में घबराहट के बजाय समझदारी से कदम उठाया जा सके।


























