लव कुश रामलीला में कुंभकरण वध का दमदार अभिनय

ऋषि तिवारी


लाल किला मैदान में आयोजित विश्व विख्यात लव कुश रामलीला कमेटी की रामलीला में रविवार को कुंभकरण वध, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, मेघनाद वध और सुलोचना प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। लीला स्थल पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी पहुंचे और प्रभु श्रीराम की लीला का अवलोकन कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने सभी राम भक्तों को दशहरा पर्व की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि लीला का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कुंभकरण वध, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, मेघनाद वध तथा सुलोचना द्वारा अपने पति मेघनाद का शीश प्राप्त करने के प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। सुलोचना के राम शिविर में पहुंचने और अपने पति का शीश लेकर वापस जाने के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

131 किलो के कुंभकरण ने बटोरी तालियां

रामलीला के दौरान पूर्व मेयर एवं भाजपा नेता जत्थेदार अवतार सिंह ने 131 किलो वजन और बुलंद आवाज वाले कुंभकरण का दमदार अभिनय किया। उनके विशाल शरीर और प्रभावशाली अभिनय को देखकर मैदान में मौजूद राम भक्तों ने जमकर तालियां बजाईं।

कुंभकरण को चिर निद्रा से जगाने के दृश्य को बेहद भव्य तरीके से प्रस्तुत किया गया। स्टीरियो डिजिटल साउंड सिस्टम के जरिए जमीन हिला देने वाली ध्वनियां सुनाई गईं। हाथियों की चिंघाड़, शेर की दहाड़, ढोल-नगाड़ों की गूंज और अलग-अलग ध्वनि प्रभावों के बीच कुंभकरण को जगाने का दृश्य दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

कुंभकरण को जगाने के लिए 100 से अधिक मटके फोड़े गए। इसके अलावा तीर और भाले से भेदने तथा अन्य पारंपरिक तरीकों का भी मंचन किया गया। लीला के अनुसार कुंभकरण के खाने-पीने के लिए करीब 120 किलो मिठाई और भोजन तथा सैकड़ों लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया।

रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों की तैयारी शुरू

दशहरा पर्व को लेकर लाल किला मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल एवं आकर्षक पुतलों को तैयार करने और लगाने की व्यवस्था शुरू हो गई है। इस बार रावण के पुतले में कई विशेष प्रभाव देखने को मिलेंगे।

कमेटी के अनुसार रावण के पुतले पर तीर लगने के बाद उसकी नाभि से अमृत निकलने का दृश्य दिखाया जाएगा। पुतले की आंखें घूमती नजर आएंगी और आंखों से खून के आंसू निकलने का प्रभाव भी दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही रावण के हाथों में तलवारें घूमती दिखाई देंगी।

रावण के गले में दस अलग-अलग रंगों की मालाएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दहन के दौरान पुतले के मुंह से “हे राम, हे राम” का उद्घोष सुनाई देगा। इन विशेष प्रभावों के चलते इस वर्ष का रावण दहन दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनने की उम्मीद है।

रामलीला के बाद हुआ सम्मान समारोह

लीला के समापन के अवसर पर कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल, चेयरमैन पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन, सौरव गुप्ता, संदीप भूटानी, कोषाध्यक्ष अंकुर गोयल, लीला मंत्री प्रवीण सिंघल, राजेश वर्मा, गौरव सूरी, राजकुमार गुप्ता, वीरू सिंघी और लोकेश बंसल सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का सम्मान किया।

अंत में प्रभु श्रीराम की आरती और चरण वंदना के साथ लाल किला मैदान रामलीला का आयोजन संपन्न हुआ। राम भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभु श्रीराम का जयघोष किया।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now