संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंगलवार को बैंकों की सघन चेकिंग की। यह अभियान डीसीपी नोएडा विद्या सागर मिश्रा और एडीसीपी मनीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के तहत थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में स्थित सभी बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों में पहुंचकर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न इंतजामों की जांच की। इस दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था को चेक किया गया। अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस ने सुरक्षा कर्मियों को बैंक परिसर में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक परिसरों के आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ साइबर क्राइम और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाना है।

























