International PM Narendra News : पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को अपनी दो दिवसीय नीदरलैंड यात्रा पर पहुंच गए हैं और इस दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच तकनीक, ऊर्जा और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पीएम मोदी ने इस यात्रा को द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का अवसर बताया है।
सेमीकंडक्टर और क्लीन एनर्जी पर जोर
बता दें कि अपनी एम्स्टर्डम पहुंच पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट में कहा कि यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (India-EU FTA) ने दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि यह सेमीकंडक्टर, पानी, क्लीन एनर्जी और अन्य क्षेत्रों में रिश्तों को और गहरा करने का अवसर देता है।
शीर्ष नेताओं से मुलाकात कार्यक्रम
पीएम मोदी के कार्यक्रम में नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ विस्तृत बातचीत, इसके अलावा वह नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी ने बताया कि वह 16 तारीख की सुबह वहां मौजूद भारतीय समुदाय को संबोधित करने के लिए भी उत्सुक हैं।
पीएम मोदी हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत
एम्स्टर्डम पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। नीदरलैंड के रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और भारत के राजदूत कुमार तुहिन सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर ही उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से हाथ मिलाकर और बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
यूएई यात्रा और ‘दूसरा घर’ बयान
इससे पहले, शुक्रवार को पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में बढ़ती क्षेत्रीय अस्थिरता के मद्देनजर यूएई के साथ भारत की मजबूत एकजुटता दोहराई।
Landed in Amsterdam. This visit to the Netherlands comes at a time when the India-EU Free Trade Agreement has given a major impetus to trade and investment linkages. It offers an opportunity to deepen relations in areas like semiconductors, water, clean energy and more.
Will be… pic.twitter.com/ikN6Cea6XC
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
पीएम मोदी ने यूएई के नेतृत्व को संबोधित करते हुए यूएई को अपना ‘दूसरा घर’ करार दिया और उनके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद दिया और उन्होंने कहा कि मैं इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। और जैसा कि आपने कहा, मैं अपने दूसरे घर आया हूं। पीएम मोदी ने यूएई एयर फोर्स के विमानों द्वारा दिए गए एस्कॉर्ट को भारत के लिए गर्व की बात बताया।
क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा
यूएई राष्ट्रपति के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने हालिया हमलों की कड़ी निंदा की और कहा कि यूएई को निशाना बनाया जाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुश्किल हालात में यूएई नेतृत्व द्वारा दिखाए गए संयम और समझदारी की सराहना की। साथ ही, उत्तर प्रदेश में आई आपदा पर दुख जताने के लिए भी यूएई का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी की यह यात्रा भारत के लिए यूरोप और पश्चिम एशिया में रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
























