संसद में विपक्ष का हंगामा, राहुल गांधी ने LPG संकट पर उठाया मामला

संसद के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन (फाइल फोटो)

ऋषी तिवारी


Delhi News: देशभर में एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर गुरुवार को संसद में विपक्ष ने सरकार को घेरा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर लोकसभा में चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया, जबकि संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने सिलेंडर संकट को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन

एलपीजी संकट को लेकर संसद परिसर में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसदों ने ‘नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब’ जैसे नारे लगाए और सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। विपक्ष का कहना है कि देश के कई हिस्सों में सिलेंडर की आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है और इस पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

राहुल गांधी का प्रधानमंत्री पर हमला

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार की विदेश नीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आम तौर पर प्रक्रिया होती है कि आप बात करने के लिए कह सकते हैं। इसलिए मैंने देश में LPG गैस और तेल की स्थिति के बारे में बयान देने की इजाजत मांगी… लेकिन एक नई प्रक्रिया शुरू हुई है कि पहले मंत्री तय करेंगे, फिर मैं बोलूंगा, फिर मंत्री जवाब देंगे।”
राहुल गांधी ने कहा, “असल में मुख्य बात यह है कि गैस, सारा फ्यूल एक समस्या बनने वाला है क्योंकि असल में हमारी एनर्जी सिक्योरिटी से कॉम्प्रोमाइज किया गया है। गलत विदेश नीति ने यह समस्या पैदा की है।” उन्होंने आगे कहा, “सरकार और प्रधानमंत्री को तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, नहीं तो करोड़ों लोगों को बहुत बड़ा नुकसान होगा। हम एक अस्थिर समय में जा रहे हैं।” राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वे कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहे हैं, बल्कि एक बड़ी आने वाली समस्या को देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “समस्या यह है कि प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम नहीं कर पा रहे हैं।”

सरकार बोली- जवाब देने को तैयार

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और सरकार इस पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया, “ऐसा नहीं है कि सरकार जवाब नहीं देना चाहती। जैसे ही संबंधित मंत्री सदन में आएंगे, सरकार इस मुद्दे पर जवाब देगी।”

ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंता

राहुल गांधी ने देश की ऊर्जा सुरक्षा (Energy Security) को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में ईंधन एक बड़ी समस्या बन सकता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि उनके पास अभी तैयारी करने का थोड़ा समय बचा है, इसलिए प्रधानमंत्री को तुरंत कदम उठाना चाहिए, वरना करोड़ों लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now