Swati Maliwal: आप पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा (BJP) में शामिल होने के बाद से लगातार ‘गद्दार’ कहकर निशाना बनाई जा रही राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को केजरीवाल गुट पर जबरदस्त प्रहार किया है। एक लंबे और भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्वाति ने साफ किया कि अगर कोई गद्दार है, तो वह वो है जिसने पंजाब के साथ धोखा किया और एक महिला का सम्मान तोड़ा।
उन्होंने सबसे बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के आवास पर उन्हें बुरी तरह पीटने वाला उनका PA (निजी सहायक) आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का मुख्य सलाहकार बनकर बंगला, गाड़ी और Z+ सुरक्षा के साथ पूरे पंजाब पर राज कर रहा है।
‘मेरी आत्मा तक घायल हो गई’
अपने 18 साल के संघर्ष को याद करते हुए स्वाति मालीवाल ने लिखा कि 2006 में अरविंद केजरीवाल की संस्था से जुड़कर मैंने सामाजिक संघर्ष का रास्ता चुना था। झुग्गियों में रही, RTI की लड़ाई लड़ी, अन्ना आंदोलन में सबसे युवा कोर कमिटी में रही। एक दशक बाद पहली बार कोई महिला आप पार्टी से संसद पहुंची थी। मुझे लगा कि अब महिलाओं की आवाज संसद में रख पाऊंगी। लेकिन संसद पहुंचने के कुछ ही महीनों बाद मेरी जिंदगी की सबसे दर्दनाक घटना हुई। केजरीवाल के घर में उनके PA ने मुझे बुरी तरह पीटा, अपमानित किया। मेरी आत्मा तक घायल हो गई।
‘सत्ता बड़ी हो गई, महिला का दर्द छोटा’
मालीवाल ने आप पार्टी के बदले रवैये पर सवाल उठाते हुए लिखा कि खुद पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर माना कि मेरे साथ अभद्रता और हिंसा हुई। लेकिन सिर्फ 24 घंटे बाद वही लोग उस आरोपी को साथ लेकर घूम रहे थे। एक महिला का दर्द छोटा पड़ गया, सत्ता बड़ी हो गई। मेरे खिलाफ पूरी मशीनरी लगा दी गई, मुझे बदनाम किया गया और आरोपी को बचाया गया।
पंजाब पर बड़ा आरोप
उन्होंने आगे लिखा कि आज मुझे पीटने वाला वो PA पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जी का मुख्य सलाहकार है, बंगला-गाड़ी-Z+ Security के साथ पूरे पंजाब पर राज कर रहा है। बेहिसाब भ्रष्टाचार फैला हुआ है… ये है गद्दारी जो पंजाब के साथ की गई।”

संसद में दबाई गई मेरी आवाज
स्वाति ने आप पार्टी पर लोकतंत्र में महिलाओं की आवाज कुचलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद में मेरी 95% अटेंडेंस रही, लेकिन उसके बावजूद मुझे बोलने के लिए आप पार्टी ने अपने आवंटित समय में से एक सेकंड का वक्त नहीं दिया। आपने दिल्ली की आवाज को संसद में उठने से रोका।
मोदी-शाह की जमकर तारीफ
पार्टी बदलने के असली कारणों को समझाते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ में कसीदे पढ़े। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी ने देश के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए। धारा 370 हटाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से दुश्मनों को जवाब दिया, तीन तलाक खत्म कर मुस्लिम बहनों को न्याय दिया और महिला आरक्षण बिल लाकर राजनीति में महिलाओं के लिए नया अध्यार शुरू किया। उन्होंने अमित शाह की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई और नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ।
‘यह सिर्फ चैप्टर 1 का अंत है’
पोस्ट के अंत में स्वाति मालीवाल ने एक बार फिर अपने हौसले बुलंद करते हुए लिखा कि मैं टूटी नहीं हूं। मैं झुकी नहीं हूं। ये मेरी जिंदगी के चैप्टर 1 का अंत था… दूसरे चैप्टर में आप मुझे और भी अधिक मेहनत और हिम्मत से देश के लिए काम करते देखेंगे। जय हिंद। गौरतलब है कि स्वाति मालीवाल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिल्ली और पंजाब में AAP लगातार उन पर ‘सिद्धांतहीन’ और ‘गद्दार’ होने का हमला बोल रही है। मालीवाल के इस बयान से दिल्ली-पंजाब की राजनीति में एक बार फिर से जुबानी जंग तेज होने की संभावना है।























