होली पर नोएडा में छलके ‘जाम’, तीन दिन में शराब बिक्री ने तोड़ा रिकॉर्ड

सरकारी खजाने में आए 33 करोड़ (फाइल फोटो)

संध्या समय न्यूज


Noida News : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में इस बार होली के त्योहार ने रंगों के साथ-साथ शराब की बिक्री में भी नया रिकॉर्ड बना दिया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में होली के तीन दिनों के दौरान करीब 45 करोड़ रुपये की शराब बिकी, जो पिछले साल की होली की तुलना में 10 करोड़ रुपये अधिक है। इस बंपर बिक्री से सरकार को लगभग 33 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

3 दिनों में 7.5 लाख लीटर से अधिक शराब की खपत

आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, होली के त्योहार (4 मार्च) से पहले 1, 2 और 3 मार्च को शराब की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी। त्योहार को देखते हुए विभाग ने पहले से ही पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया था, जिसका असर बिक्री आंकड़ों में साफ दिखा। इस बार देशी शराब की बिक्री सबसे ज्यादा रही। तीन दिनों में करीब 3.12 लाख लीटर देशी शराब बिकी। वहीं, गर्मी के मौसम का असर देखते हुए 2.70 लाख लीटर बियर की खपत हुई। अंग्रेजी शराब के शौकीनों ने भी कमी नहीं रखी और करीब 1.80 लाख लीटर विदेशी शराब खरीदी गई। कुल मिलाकर जिले में इस अवधि में 7.5 लाख लीटर से अधिक शराब की बिक्री दर्ज की गई।

पिछले साल के मुकाबले बढ़ी बिक्री

पिछले साल होली के दौरान करीब 35 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी, जिससे सरकार को 27 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। उस समय देशी शराब 1.50 लाख लीटर और अंग्रेजी शराब 1.25 लाख लीटर बिकी थी, जबकि बियर की मांग 3.25 लाख लीटर रही थी। इस बार देशी और अंग्रेजी शराब की बिक्री में तो इजाफा हुआ ही, समग्र रूप से बिक्री में 10 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।

दिवाली का रिकॉर्ड नहीं टूटा

हालांकि होली पर बिक्री बढ़ी है, लेकिन यह पिछले साल की दिवाली के आंकड़ों तक नहीं पहुंच पाई। दिवाली के दौरान उपहार संस्कृति के चलते लगभग 55 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

प्रशासन का बयान

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहार को देखते हुए सभी दुकानों पर पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया था, जिससे लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने पुष्टि की कि इस बार होली के दौरान करीब 45 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन है।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now