भाजपा दफ्तर में लड्डू की मिठास और कमल का साथ, चड्ढा को नितिन नवीन ने खिलाई मिठाई

Delhi News: भाजपा मुख्यालय में इन नेताओं के स्वागत के लिए जबरदस्त इंतजाम किया गया। जैसे ही राघव चड्ढा और अन्य नेता दफ्तर पहुंचे, तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने स्वागत के जोरदार नारे लगाए। भाजपा नेता नितिन नवीन ने राघव चड्ढा को कमल के फूल के साथ लड्डू खिलाकर उनके नए राजनीतिक सफर की शुरुआत कराई।

राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने किया बगावती कदम

HIGHLIGHTS

  • आप के चाणक्य राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों का भाजपा में बड़ा धमाका
  • ‘गलत पार्टी में था सही आदमी’: भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर चड्ढा ने थामा भगवा
  • केजरीवाल को बड़ा झटका: राज्यसभा में आप की ताकत हुई लगभग खत्म
  • चड्ढा का सनसनीखेज दावा- स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह भी छोड़ चुके हैं आप पार्टी!
  • केजरीवाल ने बताया ‘पंजाबियों को धक्का’, भगवंत मान ने भाजपा जाने वालों को कहा ‘डरपोक’

Delhi News: दिल्ली और पंजाब की राजनीति में आज एक ऐसा सियासी भूकंप आया है, जिसने आप पार्टी (AAP) की बुनियाद ही हिला दी है। पार्टी के सबसे चमकते चेहरे और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आप को अलविदा कहकर भाजपा का दामन थाम लिया है। राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल जैसे बड़े नामों समेत कुल 7 सांसदों के भाजपा में शामिल होने की खबर ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

भाजपा दफ्तर में लड्डू की मिठास और कमल का साथ

भाजपा मुख्यालय में इन नेताओं के स्वागत के लिए जबरदस्त इंतजाम किया गया। जैसे ही राघव चड्ढा और अन्य नेता दफ्तर पहुंचे, तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने स्वागत के जोरदार नारे लगाए। भाजपा नेता नितिन नवीन ने राघव चड्ढा को कमल के फूल के साथ लड्डू खिलाकर उनके नए राजनीतिक सफर की शुरुआत कराई। इस दौरान ‘लड्डू की मिठास और कमल का साथ’ का नजारा देखते ही बन रहा था।

‘मैं गलत पार्टी में सही आदमी था’

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने भावुक और तीखे अंदाज में आप पर हमला बोला। एक समय में अरविंद केजरीवाल के ‘संकटमोचक’ कहे जाने वाले चड्ढा ने कहा कि मैं एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) का करियर छोड़कर भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना लेकर आया था, लेकिन आज यह पार्टी खुद भ्रष्टाचार के दलदल और समझौतावादी लोगों के चंगुल में फंस चुकी है।

उन्होंने खुद को ‘गलत पार्टी में सही आदमी’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के बेमिसाल नेतृत्व पर भरोसा जताया। चड्ढा ने कहा कि मोदी सरकार के साहसिक फैसलों पर जनता ने तीन बार भरोसा जताया है, जो इसकी सफलता का प्रमाण है।

सनसनीखेज दावा- और भी बड़े नाम लेंगे भाजपा का रुख

राघव चड्ढा ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि उनके साथ हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रमजीत साहनी और राजेंद्र गुप्ता जैसे बड़े नामों ने भी आम आदमी पार्टी छोड़ दी है या जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। आप के इन रणनीतिक स्तंभों के एक साथ टूटने से राज्यसभा में पार्टी की ताकत लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है।

केजरीवाल और भगवंत मान का मोर्चा

राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के भाजपा में जाने के बाद आप पार्टी ने बचाव में मोर्चा खोल दिया है। अरविंद केजरीवाल ने इस पूरी घटना को पंजाबियों को दिया गया “धक्का” करार देते हुए भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा और निकले हुए नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से पंजाब विरोधी रही है। ये डरपोक नेता अपनी जान बचाने के लिए भगवा चोला ओढ़ रहे हैं। मान ने साफ किया कि राजनीति में व्यक्ति से बड़ी हमेशा पार्टी होती है और इन नेताओं के जाने से आप को कोई नुकसान नहीं होगा।

यह सियासी उथल-पुथल आगामी दिनों में दिल्ली और खासकर पंजाब में आप पार्टी के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकती है। अब देखना यह होगा कि चड्ढा के दावों के बाद आप में और कोई बगावत होती है या पार्टी इस संकट को संभालने में सफल हो पाती है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now