UP News: उत्तर प्रदेश की मऊ सदर विधानसभा सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के विधायक अब्बास अंसारी ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। गुरुवार को उन्होंने सपा के मंच पर पहुंचकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा और आगामी चुनावों को लेकर मजेदार तंज कसा।
दरअसल, अब्बास अंसारी परदह ब्लॉक क्षेत्र के इटौरा गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी विधायक निधि से निर्मित एक इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम समाजवादी पार्टी (SP) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें मऊ के सपा जिला अध्यक्ष सहित तमाम स्थानीय नेता मौजूद रहे। अदालत की किसी भी रोक-टोक के बिना अपने क्षेत्र में विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचे अब्बास अंसारी ने सपा के साथ मंच साझा कर राजनीतिक संकेत दे दिए।
‘कॉकरोच पार्टी’ पर विचार का मजाकिया ऐलान
बता दें कि विधायक से 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति और सपा के साथ उनके ताल्लुक के बारे में मीडिया ने सवाल किया, तो अब्बास अंसारी ने हंसते हुए एक अनोखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव अभी बहुत दूर है। आजकल तो ‘कॉकरोच पार्टी’ की बहुत चर्चा चल रही है। अगर उसका चुनाव चिन्ह (सिंबल) मिल गया, तो हम उसी से चुनाव लड़ लेंगे। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, अगर इस ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जिले में कहीं कार्यालय खुला हो तो आप मुझे ले चलो, मैं उस पार्टी जॉइन कर लूंगा।”
2027 की रणनीति पर अखिलेश का हवाला
हालांकि, गंभीर सवाल पर अब्बास अंसारी ने साफ किया कि भविष्य की राजनीतिक गतिविधियों का फैसला शीर्ष नेतृत्व को ही करना है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव की रणनीति के बारे में तो सिर्फ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही बता सकते हैं। मैं इस मामले में कुछ भी कहने के लिए अधिकृत नहीं हूं।
विरोधियों पर जमकर बरसे
बता दें कि समारोह के दौरान अब्बास अंसारी ने अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा और विकास कार्यों का श्रेय लेने वालों पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि क्या किसी ने अपनी जमीन बेचकर विकास किया है? यह जनता के टैक्स का ही पैसा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपनी जमीन पर 18 गांव बसाए हैं।
अब्बास ने कहा कि जनता 2024 में विरोधियों को जवाब दे चुकी है और 2027 में भी अपना फैसला खुद करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अब जनता चिकनी-चुपड़ी बातों या जाति-धर्म की राजनीति में तीसरी बार बहकावे में नहीं आएगी।
आखिरी सांस तक जनता की सेवा का वादा
अपने क्षेत्र के लोगों के बीच लौटने की खुशी जाहिर करते हुए अब्बास अंसारी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “शब्दकोश (डिक्शनरी) में ऐसा कोई लफ्ज नहीं है जिससे मैं इस अहसास को बयां कर सकूं। धूप में लोगों का प्यार और उनके चेहरे की मुस्कान ही सब कुछ बयान करती है।” उन्होंने वादा किया, “जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद और सांसें हैं, मैं अपनी अवाम (जनता) के सुख-दुख में साथ रहकर उनके मान-सम्मान की हिफाजत करता रहूंगा।”
























