NEET UG 2026: देश भर में मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई NEET (UG) 2026 परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद एनटीए ने स्पष्ट किया है कि अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
बता दें कि इससे पहले 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के चलते रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद से छात्रों में भविष्य को लेकर काफी असमंजस की स्थिति थी। अब नई तारीख के ऐलान से छात्रों ने राहत की सांस ली है।
परीक्षा एक साथ और पुख्ता सुरक्षा के बीच
एनटीए की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 21 जून (रविवार) को होने वाली इस परीक्षा का आयोजन पूरे देश में एक साथ किया जाएगा। पिछली घटनाओं को देखते हुए इस बार केंद्र सरकार और एजेंसी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
अफवाहों से रहें सावधान
एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों के लिए एक सलाह जारी करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर परीक्षा को लेकर तरह-तरह की भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाई जा सकती हैं। एजेंसी ने सभी से अपील की है कि वे किसी भी अनाधिकारिक स्रोत या लिंक पर भरोसा न करें। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट और चैनलों पर ही अपडेट पर ध्यान दें।
हेल्पलाइन जारी
अगर किसी भी परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र या अन्य कोई समस्या आती है, तो वे नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
*ईमेल: neet-ug@nta.ac.in
*हेल्पलाइन नंबर: 011-40759000 और 011-69227700
अब जबकि परीक्षा की तारीख का ऐलान हो चुका है और छात्रों के पास लगभग एक महीने का समय बचा है, शिक्षाविदों ने सलाह दी है कि छात्र नए विषय पढ़ने के बजाय अपनी तैयारी का रिवीजन करें और मॉक टेस्ट (Mock Tests) का अभ्यास करें। परीक्षा केंद्र की डिटेल्स और एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द ही छात्रों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भेज दी जाएगी।























