NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द: एनटीए का बड़ा फैसला

NEET-UG 2026 Exam Cancelled News: अभिषेक सिंह ने बताया कि 7 मई की देर रात एनटीए को कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले, जिनमें परीक्षा के प्रश्नों से मिलते-जुलते सवाल शेयर किए गए थे। तत्काल कार्रवाई करते हुए इन मैसेजों को जांच एजेंसियों को भेजा गया।

छात्रों के भविष्य की सुरक्षा एनटीए की प्राथमिकता

HIGHLIGHTS

  • पेपर लीक के आरोपों ने उठाया नया विवाद
  • एनटीए प्रमुख अभिषेक सिंह का बयान
  • परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना जरूरी
  • व्हाट्सएप मैसेज ने खोला पेपर लीक का मामला
  • जांच एजेंसियों को भेजा गया पेपर लीक का डेटा

NEET-UG 2026 Exam Cancelled News: पेपर लीक के गंभीर आरोपों के मद्देनजर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 की परीक्षा को अब रद्द कर दिया गया है और इसे दोबारा आयोजित कराने का ऐलान किया गया है। एनटीए के महानिदेशक (DG) अभिषेक सिंह ने मीडिया के साथ विशेष बातचीत में इसे ‘शर्मनाक’ करार दिया, लेकिन साथ ही कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था।

पेपर लीक का खुलासा और एनटीए की कार्रवाई

अभिषेक सिंह ने बताया कि 7 मई की देर रात एनटीए को कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले, जिनमें परीक्षा के प्रश्नों से मिलते-जुलते सवाल शेयर किए गए थे। तत्काल कार्रवाई करते हुए इन मैसेजों को जांच एजेंसियों को भेजा गया। शुरुआती जांच के बाद 10 और 11 मई को यह पुष्टि हुई कि आरोप सही हैं और परीक्षा प्रक्रिया से छेड़छाड़ हुई है।

डीजी ने कहा कि यह फैसला छात्रों, अभिभावकों और एनटीए के लिए कठिन है। लेकिन यदि परीक्षा की निष्पक्षता पर जरा भी संदेह है, तो हमें परीक्षा रद्द करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के दायरे का पता अभी नहीं चल पाया है कि यह कितने बड़े स्तर पर हुआ है।

जांच सीबीआई को सौंपी गई

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनटीए ने इसकी जांच सीबीआई (CBI) को सौंप दी है। अब यह सीबीआई तय करेगी कि लीक किसी एक राज्य तक सीमित था या इसका दायरा कई राज्यों में फैला हुआ था। नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस के नाम पर सवाल पूछे जाने पर डीजी ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना उचित होगा।

छात्रों को बड़ी राहत- फीस वापसी का ऐलान

दोबारा परीक्षा कराए जाने के फैसले से चिंतित छात्रों के लिए एनटीए ने बड़ी राहत की खबर दी है:

  1. कोई नया रजिस्ट्रेशन नहीं: छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।
  2. पुराना फीस वापस: पहले भरे गए फॉर्म की फीस एनटीए छात्रों को वापस करेगी।
  3. परीक्षा केंद्र जस के तस: पहले चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए मान्य रहेंगे।

अभिषेक सिंह ने कहा कि इससे एनटीए पर आर्थिक बोझ जरूर बढ़ेगा, लेकिन एजेंसी का प्रमुख उद्देश्य निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराना है।

जल्द आएगा नया शेड्यूल

एनटीए प्रमुख ने आश्वासन दिया कि दोबारा परीक्षा जल्द आयोजित कराई जाएगी। री-एग्जाम की तारीख और नए एडमिट कार्ड जल्द ही आधिकारिक चैनलों के जरिए जारी किए जाएंगे। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का वादा

अभिषेक सिंह ने साफ कहा कि जो भी लोग छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now