NEET पेपर लीक: NTA मुख्यालय पर आप पार्टी छात्र संगठन का जोरदार प्रदर्शन

NEET Paper Leak: प्रदर्शन को देखते हुए NTA मुख्यालय पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया था ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। इस दौरान ASAP के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और NTA प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

NSUI, ABVP और ASAP के अलग-अलग प्रदर्शन

HIGHLIGHTS

  • ASAP संगठन ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
  • NTA दफ्तर के बाहर पुलिस और RAF की कड़ी सुरक्षा
  • छात्रों का आरोप-भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़
  • धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज
  • पेपर लीक कांड पर छात्रों में भारी आक्रोश

NEET Paper Leak: देशभर में चर्चित नीट (NEET) पेपर लीक घोटाले को लेकर आप पार्टी (AAP) के छात्र संगठन ‘एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर ऑल्टरनेटिव पॉलिटिक्स’ (ASAP) ने गुरुवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में गिरती विश्वसनीयता और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के विरोध में जोरदार नारेबाजी की।

NTA दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बंदोबस्त

प्रदर्शन को देखते हुए NTA मुख्यालय पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया था ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। इस दौरान ASAP के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और NTA प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

यह छात्रों के अधिकारों की लड़ाई है

ASAP का कहना है कि यह केवल एक राजनीतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, उनकी मेहनत और भविष्य की रक्षा की लड़ाई है। छात्र नेताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में दो बार नीट पेपर लीक होना उनकी नाकामी को दर्शाता है। उन्हें नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

छात्रों ने उठाए गंभीर सवाल

प्रदर्शन के दौरान ASAP से जुड़ी छात्र जानवी ने कहा कि आज हम लोग नीट की परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर NTA के दफ्तर पर प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे हैं। इतनी बड़ी परीक्षा का प्रश्न पत्र कैसे लीक हो सकता है और अगर लीक हुआ है तो इसकी जवाबदेही कौन लेगा?

वहीं, रिंकी नारंग ने कहा कि लाखों छात्रों ने बड़ी मेहनत और लगन से तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक होने से उनके साथ अन्याय हुआ है। हमारी मांग है कि दोषियों पर जल्द कार्रवाई हो। NTA के महानिदेशक को इस्तीफा देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री को यह वादा करना चाहिए कि भविष्य में कभी भी छात्रों का प्रश्न पत्र लीक नहीं होगा और परीक्षा रद्द नहीं होगी।

NTA को ‘फेल एजेंसी’ बताया

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र शेरवानी ने कहा कि छात्र वर्षों से तैयारी करके बैठे थे, लेकिन परीक्षा रद्द होने से उनकी सालों की मेहनत बर्बाद हो गई है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। छात्र कृष्ण गुप्ता ने तो NTA को ‘फेल एजेंसी’ तक करार दे दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 3 साल में दो बार प्रश्न पत्र लीक हो चुका है। अगर एजेंसी परीक्षा कराने में असमर्थ है, तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और ऐसी किसी दूसरी एजेंसी को हायर करना चाहिए जहां छात्रों का प्रश्न पत्र सुरक्षित रहे।

लगातार तीसरे दिन NTA ऑफिस पर प्रदर्शन

बता दें कि नीट परीक्षा रद्द होने के बाद से ओखला स्थित NTA दफ्तर पर प्रदर्शनों का दौर जारी है। पहले दिन एनएसयूआई (NSUI) और दूसरे दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने प्रदर्शन किया था। तीसरे दिन ASAP के बैनर तले छात्रों ने आवाज बुलंद की। सभी संगठनों की एक समान मांग है कि पेपर लीक में शामिल दोषियों को उजागर किया जाए और देश के शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now