ऋषि तिवारी
नोएडा। युवाओं में उद्यमिता विकास, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गलगोटिया यूनिवर्सिटी और MSME स्टार्टअप्स फोरम उत्तर प्रदेश के बीच एमओयू (MoU) किया गया। कार्यक्रम में MSME स्टार्टअप्स फोरम उत्तर प्रदेश के चेयरमैन श्री सचिन गोयल और गलगोटिया यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर डॉ. पूर्णानंद के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
एमओयू का मुख्य उद्देश्य यूनिवर्सिटी के छात्रों को स्टार्टअप शुरू करने, नवाचार को बढ़ावा देने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत छात्रों को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, उद्योग जगत से जुड़ने तथा संभावित निवेशकों तक पहुंच बनाने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
संवाद-समागम में उद्यमियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों, विशेषज्ञों, निवेशकों और अधिकारियों के साथ संवाद-समागम का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में उद्योग एवं निवेश के अनुकूल माहौल को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
संवाद में प्रतिभागियों ने प्रदेश में भयमुक्त वातावरण, निवेश अनुकूल नीतियों, 24 घंटे बिजली की उपलब्धता और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी सहित उद्योग एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए विभिन्न कार्यों की सराहना की। साथ ही मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में बने उद्यम अनुकूल वातावरण के लिए धन्यवाद भी प्रेषित किया गया।
छात्रों को नवाचार और स्टार्टअप के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के युवाओं को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने इस बात पर जोर दिया कि छात्रों को केवल शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें वास्तविक उद्योग जगत की समस्याओं और उनके संभावित समाधानों से भी जोड़ा जाना चाहिए।
प्रबुद्ध उद्यमियों ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से यूनिवर्सिटी की फैकल्टी को अवगत कराया और छात्रों से इन समस्याओं के तकनीकी एवं व्यावसायिक समाधान विकसित करने का आह्वान किया।
























