Bihar News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों के हथकंडे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हर बार नई तरकीबें अपनाने वाले शराब तस्करों ने अब ‘मिल्क सप्लाई’ (दूध आपूर्ति) का बहाना इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। ताजा मामला बगहा जिले का है, जहां पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो तीन पहिया वाहन पर दूध की ट्रे के नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जा रहा था।
यूं हुआ खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, रेहुवा चेकपोस्ट पर सक्रिय पुलिस टीम ने एक तीन पहिया मालवाहक वाहन को रोककर उसकी जांच शुरू की। पहली नजर में वाहन पूरी तरह से दूध की ट्रे से लदा हुआ था, जिसे देखकर कोई भी सामान्य व्यक्ति धोखा खा सकता था। हालांकि, पुलिस को वाहन और चालकों के व्यवहार में कुछ शक हुआ।
जैसे ही पुलिस ने ऊपर रखी दूध की ट्रे को हटाया, तो वहां छिपे असली कारनामे सामने आ गए। दूध की ट्रे के नीचे अंग्रेजी शराब से भरे हुए 35 कार्टन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, ये करीब 302.4 लीटर अवैध शराब है। तस्करों की योजना इस तरह से गलियों और मोहल्लों तक बिना किसी के शक के शराब पहुंचाने की थी।
दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
मौके से ही पुलिस ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिवान निवासी व्यास प्रसाद और उत्तर प्रदेश के अमर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ‘मिल्क सप्लाई’ के बोर्ड लगाकर निकले थे, ताकि चेकपोस्ट पर किसी भी पुलिसकर्मी या आमजन को कोई शक न हो। उनका मानना था कि दूध की आड़ में शराब की डिलीवरी आसानी से हो जाएगी।
एसपी ने दी यह जानकारी
बगहा की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ निषेधाज्ञा अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस शराब तस्करी नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस टीमें अन्य संदिग्ध लोगों की तलाश में जुट गई हैं।
तस्करों के बदलते हथकंडे
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के मामले यह दर्शाते हैं कि अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसने के बावजूद वे नए-नए तरीके अपना रहे हैं। लेकिन बगहा पुलिस की सक्रियता और चौकसी के चलते उनकी ये हर नयी योजना नाकाम होती नजर आ रही है। शराबबंदी को सफल बनाने के लिए ऐसे चेकपोस्ट पर निगरानी और भी बढ़ा दी गई है।























