श्रद्धा तिवारी
Jinnie Weds Sunny 2: प्रोमोशनल इंटरव्यू के दौरान मेधा ने अविनाश के सपोर्टिव नेचर की जमकर तारीफ की। एक फीमेल एक्ट्रेस के तौर पर अपने अनुभव को साझा करते हुए मेधा ने कहा, “जब आप एक फीमेल एक्ट्रेस होती हैं और थोड़ा शांत स्वभाव की दिखती हैं, तो लोग आपको सीरियसली नहीं लेते। अविनाश की वजह से मुझे सेट पर बहुत वेलकम फील हुआ। वो नए टैलेंट और महिलाओं के लिए बहुत सपोर्टिव हैं। वो एक सिक्योर एक्टर हैं, जिन्होंने मुझे ये स्पेस दिया कि मैं खुलकर बता सकूं कि मुझे क्या ठीक नहीं लगता और मैं क्या अलग करना चाहती हूं।”
मेधा ने आगे बताया कि अविनाश ने न केवल उन्हें आज़ादी दी, बल्कि खुद भी उनके किरदार को और दमदार बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “वो ऐसे एक्टर हैं जो खुद सजेस्ट करते हैं कि मैं अपने किरदार के हिसाब से डायलॉग्स ले लूं। अगर उन्हें लगता है कि जिन्नी को किसी चीज़ पर स्टैंड लेना चाहिए, तो वो खुद बताते हैं। मैंने पहले कभी किसी मेल को-एक्टर को ये नहीं कहते देखा कि लड़की का किरदार और दमदार होना चाहिए।” मेधा ने फिल्म के डायरेक्टर प्रशांत झा को भी इस मामले में बेहद सपोर्टिव बताया।
त्रिप्ती डिमरी भी हैं अविनाश के कायल
दिलचस्प बात यह है कि मेधा शंकर पहली एक्ट्रेस नहीं हैं, जो अविनाश के इस सपोर्टिव नेचर की तारीफ कर रही हैं। इससे पहले उनकी ‘लैला मजनू’ की को-स्टार त्रिप्ती डिमरी भी उन्हें लेकर ऐसा ही बयान दे चुकी हैं। त्रिप्ती ने बताया था कि ‘लैला मजनू’ के सेट पर उन्हें एक्टिंग का ‘अ’ भी नहीं आता था और वह बहुत नर्वस रहती थीं। उस वक्त अविनाश ने ही उन्हें सही रास्ता दिखाया। त्रिप्ती ने कहा था, “अविनाश ने मुझसे कहा था कि तुम्हें ट्राय करना चाहिए और एक्टिंग वर्कशॉप जॉइन करनी चाहिए। उस वर्कशॉप ने मेरी लाइफ बदल दी। अविनाश एक बेहद शानदार और सपोर्टिव को-एक्टर हैं।”
क्या है ‘जिन्नी वेड्स सनी 2’ की कहानी?
बता दें कि ‘जिन्नी वेड्स सनी 2’ को एक स्टैंडअलोन सीक्वल के रूप में पेश किया गया है। यह फिल्म एक बड़ी भारतीय शादी के हंगामे के बीच एक मिसमैच्ड लव स्टोरी को दर्शाती है। फिल्म में अविनाश तिवारी एक जिद्दी पहलवान के रोल में नजर आएंगे, जबकि मेधा शंकर एक फ्री-स्पिरिटेड लड़की का किरदार निभा रही हैं। फिल्म का एक बड़ा हिस्सा मसूरी की खूबसूरत लोकेशन पर शूट किया गया है। ह्यूमर, इमोशन और शादी के ड्रामे से भरी यह फिल्म परिवारों के लिए एक परफेक्ट एंटरटेनर साबित हो सकती है। यह फिल्म अविनाश तिवारी के करियर में एक और मजबूत कड़ी साबित होगी, जिससे उनकी एक भरोसेमंद परफॉर्मर की इमेज और मजबूत होगी। वहीं, मेधा शंकर भी अपने दमदार और सेंसिटिव किरदारों के दम पर इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाने की राह पर हैं।




















