IPL 2026 Mahendra Singh Dhoni: आईपीएल (IPL) 2026 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाने वाला है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच यह अहम भिड़ंत सिर्फ प्लेऑफ की दौड़ को लेकर नहीं, बल्कि महेंद्र सिंह धोनी की संभावित वापसी को लेकर भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पूरे सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले धोनी की वापसी पर फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं और सोशल मीडिया पर महेंद्र धोनी जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है।
चोट और फिटनेस को लेकर थी चिंता
सीजन शुरू होने से पहले CSK ने बताया था कि धोनी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। टीम के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने उनकी नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी की बात कही थी, लेकिन उनकी दौड़ने की क्षमता और विकेटकीपिंग को लेकर टीम प्रबंधन काफी सतर्क था। हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी खुलासा किया था कि एक वॉर्म-अप मैच के दौरान उनकी चोट फिर से उभर आई थी, जिसके बाद टीम ने उन्हें जल्दबाजी में वापसी नहीं कराने का फैसला किया।
अश्विन के बयान से हलचल बढ़ी
अब टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक बयान ने सभी की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने दावा किया है, ‘मुझे लगता है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धोनी के खेलने की संभावना काफी अधिक है। जहां तक मैंने सुना है, वह पिछले 2-3 मैचों से खेलने के लिए तैयार थे।’ इस बयान के बाद से चेन्नई के फैंस में खुशी की लहर है।
क्या है चेपॉक का वादा?
इस मुकाबले को और भी इमोशनल बनाता है धोनी का वो पुराना बयान। साल 2021 में जब CSK ने खिताब जीता था, तब धोनी ने कहा था, ‘उम्मीद है कि मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होगा।’ आज लगभग पांच साल बाद चेन्नई में CSK का आखिरी लीग मैच है और धोनी पूरे सीजन से बाहर रहे हैं। ऐसे में फैंस इसे उनके संभावित फेयरवेल मैच की तरह देख रहे हैं।
सामरिक और भावनात्मक लड़ाई
यह मैच CSK के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है, क्योंकि टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। अगर धोनी मैदान पर उतरते हैं, तो चेपॉक का माहौल पूरी तरह बदल सकता है। हालांकि, फिटनेस को देखते हुए उन्हें विकेटकीपर की जगह फिनिशर या ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ की भूमिका में देखा जा सकता है।

फिलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन अश्विन का भविष्यवाणी, धोनी का पुराना वादा और चेपॉक का जादू- इन सबने मिलकर आज के मैच को एक बड़ा रहस्य बना दिया है। क्या टॉस के वक्त ‘कैप्टन कूल’ पीली जर्सी में नजर आएंगे? यह देखने वाली बात होगी।






















