Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) ने बिसरख जलालपुर के किसानों को बड़ी राहत देते हुए 10 किसानों को 11 आबादी भूखंड आवंटित कर दिए हैं। मंगलवार को अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से ड्रा की प्रक्रिया आयोजित की गई।
जानकारी के मुताबिक, कुल 11 भूखंडों में से 8 समान आकार वाले भूखंडों का ड्रा कराया गया, जबकि 3 भूखंडों का आकार भिन्न होने के कारण ड्रा की आवश्यकता नहीं पड़ी। इन तीनों भूखंडों को सीधे किसानों के नाम आवंटित कर दिया गया।
अधिकारियों ने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी
ड्रा की प्रक्रिया के दौरान किसान मौजूद रहे। इस अवसर पर प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह (OSD Gunja Singh), वरिष्ठ प्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार और प्रबंधक कपिल तोंगड़ ने किसानों की मौजूदगी में आवंटन प्रक्रिया को पूरा कराया। प्रक्रिया की पारदर्शिता को देखते हुए पूरी घटना की फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
लंबे समय से था मामला लंबित
बिसरख जलालपुर के किसानों की जमीन का अधिग्रहण काफी समय पहले किया गया था, लेकिन तब से छह फीसदी आवासीय भूखंड (6% Residential Plots) लंबित चल रहे थे। किसानों ने लंबे संघर्ष के बाद प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार (CEO NG Ravi Kumar) से गुहार लगाई थी। किसानों की समस्या को सुनते हुए सीईओ ने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र आबादी भूखंड देने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने मिलकर इस आवंटन प्रक्रिया को अंजाम दिया।
किसानों का हित प्राथमिकता: ओएसडी
प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह ने कहा कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिसरख जलालपुर की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द ही आबादी के भूखंड आवंटित किए जाएंगे।






















