संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। गांव शहदरा, सेक्टर-142 नोएडा में प्रत्येक मंगलवार शाम वर्षों से लगते आ रहे साप्ताहिक बाजार के दुकानदारों ने पुलिस पर उन्हें परेशान करने और रोजगार करने से रोकने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। दुकानदारों ने मांग की है कि उन्हें पूर्व की तरह साप्ताहिक बाजार लगाने और अपना रोजगार करने की अनुमति दी जाए।
इसी मांग को लेकर वेंडर्स ने पथ विक्रेता कर्मकार यूनियन के महामंत्री एवं सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा तथा सीटू जिला सचिव रामस्वारथ के नेतृत्व में थाना सेक्टर-142, नोएडा पहुंचकर थानाध्यक्ष से मुलाकात की।
पुलिस अधिकारियों से पहले भी की जा चुकी है मुलाकात
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि सेक्टर-142 नोएडा साप्ताहिक बाजार के दुकानदारों की समस्या को लेकर इससे पहले भी थाना प्रभारी और डीसीपी सेंट्रल नोएडा से मुलाकात की जा चुकी है। इस दौरान अधिकारियों को ज्ञापन देकर दुकानदारों की समस्याओं से अवगत कराया गया था।
उन्होंने बताया कि दुकानदारों की समस्या को लेकर आज एक बार फिर थाना सेक्टर-142 के थानाध्यक्ष से मुलाकात कर पूरे मामले पर बातचीत की गई।
मंगलवार को बाजार के दौरान मौके पर मौजूद रहेंगे थाना प्रभारी
यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि बुधवार को बाजार लगाते समय वे स्वयं मौके पर मौजूद रहेंगे और दुकानदारों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
यूनियन ने मांग की है कि वर्षों से लग रहे साप्ताहिक बाजार को पूर्व की भांति संचालित होने दिया जाए, ताकि यहां दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदार और पथ विक्रेता अपना रोजगार जारी रख सकें।
दुकानदारों और यूनियन प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप से सेक्टर-142 नोएडा साप्ताहिक बाजार से जुड़ी समस्या का समाधान होगा और दुकानदारों को अपना रोजगार करने में परेशानी नहीं होगी।

























