ऋषी तिवारी
आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जंतर-मंतर पर आयोजित विशाल रैली के जरिए भाजपा के खिलाफ जबरदस्त हमला बोला है और घोषणा कि आज से देश में ‘बदलाव की गिनती’ शुरू हो गई है और 140 करोड़ देशवासी मिलकर वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे।
‘केजरीवाल कट्टर ईमानदार हैं, कोर्ट ने दी सफाई’
अपने संबोधन के दौरान केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट ने साफ कर दिया है कि वे ‘कट्टर ईमानदार’ हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पिछले चार सालों से षडयंत्र रचकर उन्हें और दिल्लीवालों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि यह लोग कहते थे कि केजरीवाल चोर है, शराब घोटाला किया है, लेकिन जज साहब ने फैसला सुनाते हुए कहा कि पूरा केस फर्जी है, कोई सबूत नहीं है। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, गुजरात, गोवा समेत कई प्रांतों से आए हजारों कार्यकर्ता ‘मेरा केजरीवाल कट्टर ईमानदार है’ के नारे लगाते रहे।
निजी जीवन का किया जिक्र, देश से प्यार बताया
अपनी बातों के दौरान केजरीवाल ने अपने निजी जीवन के कई पहलुओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि IIT से पढ़ाई के बाद वे अमेरिका में नौकरी कर सकते थे, लेकिन उन्होंने देश में रहकर इंकम टैक्स विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर की नौकरी करना चुना। उन्होंने एक वाकया सुनाते हुए कहा कि वे कभी रिश्वत नहीं लेते थे और दस साल के मुख्यमंत्रित्व काल में भी उनके खिलाफ एक रुपए का भी भ्रष्टाचार नहीं मिला। उन्होंने चुनौती दी कि अगर कोई ठेकेदार साबित कर दे कि उन्होंने पैसे मांगे, तो वे राजनीति छोड़ देंगे।
फरवरी 26 बॉक्स ऑफिस : ‘ओ रोमियो’ की जीत, ‘अस्सी’ को झटका
गुजरात और केंद्र सरकार पर हमला
केजरीवाल ने गुजरात की स्थिति को लेकर भी BJP के खिलाफ निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया के विकसित देशों की सड़कों पर 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ती हैं, जबकि गुजरात में गड़्ढों के कारण 30 किमी की रफ्तार से गाड़ियां चलती हैं। उन्होंने गुजरात में नकली शराब और ड्रग्स के कारोबार को भी उठाया, कहा कि वहां हर साल 30 हजार करोड़ की नकली दारू बिकती है और 20 हजार करोड़ का कोकीन पकड़ा गया।
देश को उम्मीद की संदेश
अपने भाषण के अंत में केजरीवाल ने कहा कि देश के हर सेक्टर की हालत खराब है और लोगों में निराशा थी, लेकिन दिल्ली में आप की सरकार ने स्कूल, अस्पताल, बिजली और पानी ठीक करके 140 करोड़ लोगों को उम्मीद दी है। उन्होंने दावा किया कि अब यही मॉडल देश को सुधारेगा और जनता के लिए काम करने वाली राजनीति को आगे बढ़ाएगा।




















